राया हेरिटेज सिटी बनेगी ब्रज की नई पहचान, मास्टर प्लान-2031 पर उच्चस्तरीय मंथन

मथुरा । ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र, मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह की मौजूदगी में प्रस्तावित राया हेरिटेज सिटी परियोजना को लेकर मास्टर प्लान-2031 की समीक्षा बैठक ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सभागार में आयोजित की गई।

बैठक में राया क्षेत्र को आधुनिक नगरीय सुविधाओं के साथ सांस्कृतिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि हेरिटेज सिटी को चरणबद्ध ढंग से विकसित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की पहचान वैश्विक स्तर पर स्थापित हो सके।
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नगेन्द्र प्रताप, राजेश कुमार सिंह ने मास्टर प्लान-2031 की प्रस्तुति देते हुए बताया कि प्रस्तावित हेरिटेज सिटी में सुव्यवस्थित सड़क नेटवर्क, हरित क्षेत्र, जल निकासी व्यवस्था, आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। योजना का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती देना है।

बैठक में मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एन लक्ष्मी और सचिव आशीष कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी विभागों ने आपसी तालमेल से कार्य करने और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति जताई। उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र ने कहा कि राया हेरिटेज सिटी ब्रज क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को नई दिशा देगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर पैदा करेगी। मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने इसे मथुरा जनपद के विकास की ऐतिहासिक परियोजना बताया।

मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने निर्देश दिए कि मास्टर प्लान के अनुसार सभी प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर विकास कार्य शुरू किए जाएं, ताकि परियोजना जल्द धरातल पर दिखाई दे। बैठक के अंत में सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि परियोजना की नियमित समीक्षा की जाए और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। बैठक में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल एवं मथुरा वृंदावन नगर निगम के आयुक्त जग प्रवेश भी मौजूद रहे।