चौमुहां (मथुरा)। जनपद में बेखौफ बदमाशों ने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए मंगलवार रात एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। शेरगढ़ थाना क्षेत्र में कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण के करीबी एवं भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता पर जानलेवा हमला किया गया। बदमाशों ने चलती कार पर फायरिंग कर दी, जिससे कार का टायर फट गया। हालांकि, सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए भाजपा कार्यकर्ता ने अपनी जान बचा ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम शहदपुर, थाना शेरगढ़ निवासी बलवीर सिंह भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता हैं। मंगलवार रात करीब 8 बजे वह चौमुहां स्थित अपने गेस्ट हाउस से ब्रेजा कार द्वारा गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह नौगांव पार कर आगे बढ़े, तभी दो बाइकों पर सवार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रुकने का इशारा किया।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए बलवीर सिंह ने गाड़ी नहीं रोकी और कार को दलोटा गांव की ओर मोड़ दिया। इससे नाराज बदमाशों ने उनका पीछा करते हुए कार पर सीधे फायरिंग कर दी। गोली कार के अगले टायर में जा लगी, जिससे टायर फट गया। इसके बावजूद बलवीर सिंह ने हिम्मत नहीं हारी और क्षतिग्रस्त कार को दौड़ाते हुए आगे बढ़ते रहे।
बताया गया कि बदमाशों ने स्यारहा गांव तक कार का पीछा किया, लेकिन वहां आबादी अधिक होने के कारण हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद बलवीर सिंह ने तुरंत शेरगढ़ थाना पुलिस को सूचना दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। कुछ ही देर में कैबिनेट मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी भी मौके पर पहुंचे और भाजपा कार्यकर्ता से घटना की पूरी जानकारी ली।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रात में ही इलाके में सघन छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस ने कई संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और हमलावरों की पहचान व हमले के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।
भाजपा कार्यकर्ता पर हुए इस जानलेवा हमले के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।