बरसाना–ब्रज रंगोत्सव 2026: लड्डू होली (24 जन.) और लठामार होली (25 जन.) को लेकर प्रशासन फुल एक्शन मोड में
बाइक और ई-रिक्शा पूरी तरह रहेंगे प्रतिबंधित
मथुरा। तहसील गोवर्धन के नगर पंचायत बरसाना स्थित लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन सभागार में रंगोत्सव 2026 को लेकर एक हाई-लेवल समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र एवं मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह जी ने की।
बैठक में आगामी होली / रंगोत्सव 2026, बरसाना की विश्व प्रसिद्ध लड्डू होली (24 जनवरी 2026) एवं लठामार होली (25 जनवरी 2026) की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।
ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ सूरज पटेल ने बताया कि मेला क्षेत्र में सांस्कृतिक मंच, भव्य साज-सज्जा, प्रवेश द्वार, सेल्फी प्वाइंट और लाइव प्रसारण की जिम्मेदारी पर्यटन विभाग एवं परिषद के समन्वय से की जाएगी।
24 जनवरी को श्री राधारानी मंदिर में लड्डू होली तथा राधा बिहारी इंटर कॉलेज में दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
23 भव्य प्रवेश द्वार, 25 स्टेज और 12 सेल्फी पॉइंट
रंगोत्सव 2026 के तहत जनपद के विभिन्न स्थलों पर कुल 23 प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे—
बरसाना: 05
नंदगांव: 04
रावल: 02
गोकुल: 02
बलदेव: 02
फालैन: 02
महावन: 01
मथुरा: 05
इसके साथ ही 25 छोटे सांस्कृतिक स्टेज और 12 आकर्षक सेल्फी प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे।
मंदिरों में होगी भव्य रोशनी, फसाड लाइटिंग से सजेगा ब्रज
गाजीपुर मंदिर, संकेत मंदिर, राधारानी मंदिर (रावल), नंदभवन गोकुल, प्रह्लाद मंदिर फालैन, होलीगेट मथुरा, विश्राम घाट, दाऊजी मंदिर बलदेव एवं नंदभवन चौरासी खंभा महावन में विशेष विद्युत सजावट की जाएगी।
वहीं राधारानी मंदिर बरसाना एवं नंद मंदिर नंदगांव में फसाड लाइटिंग की जाएगी।
नकली गुलाल पर सख्त एक्शन, जर्जर भवनों को नोटिस
मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने नकली गुलाल बेचने वालों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही रंगीली चौक पर गिरासू छज्जों को हटाने, जर्जर भवनों को नोटिस जारी करने, गलियों-चौराहों की पेंटिंग, उत्कृष्ट लाइटिंग-साज सज्जा और नहरों की सफाई समय से पूरी करने के आदेश दिए।
एसएसपी श्लोक कुमार ने मेला क्षेत्र में बाइकर्स और ई-रिक्शा पर पूर्ण प्रतिबंध, सीसीटीवी और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम से कड़ी निगरानी, खोया-पाया केंद्र, कंट्रोल रूम, समय से बैरियर व बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने खाद्य सुरक्षा विभाग को दूषित व मिलावटी खाद्य पदार्थ नष्ट करने, दुकानदारों और रेस्टोरेंट संचालकों के साथ बैठक कर शुद्ध भोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भंडारों में सफाई, जगह-जगह कूड़ादान, सड़कों की मरम्मत, पार्किंग, वॉचटावर, बैरिकेडिंग और कुंडों की सुरक्षा के आदेश दिए गए।
ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र ने अधिकारियों-कर्मचारियों से विनम्र व्यवहार, मृदुल भाषा और सेवा भाव से ड्यूटी निभाने की अपील की। होटल व पार्किंग संचालकों को श्रद्धालुओं से जूते-चप्पल होटल या वाहन में ही उतारने का आग्रह करने के निर्देश दिए गए।
रंगोत्सव 2026 को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। सुरक्षा, सुविधा, स्वच्छता और सांस्कृतिक भव्यता के साथ ब्रज की होली को विश्वस्तरीय बनाने की तैयारी पूरी रफ्तार पर है।
बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, नगर आयुक्त जग प्रवेश, मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल, एमवीडीए उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन, मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीना, एडीएम प्रशासन अमरेश कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, एसपी यातायात मनोज कुमार यादव, एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र प्रकाश, एसडीएम गोवर्धन प्राजक्ता त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।