भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव में मथुरा का मान बढ़ा , विधायक राजेश बनेंगे प्रस्तावक, मांट में जश्न का माहौल

मथुरा। विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में मांट क्षेत्र के भाजपा विधायक राजेश चौधरी को प्रस्तावक बनाए जाने से न सिर्फ मांट बल्कि पूरे मथुरा जनपद में उत्साह और गर्व की लहर दौड़ गई है। विधायक राजेश चौधरी कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावक होंगे, जो संगठन में उनकी मजबूत पकड़ और विश्वसनीयता को दर्शाता है।
बाल्यकाल से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखा से जुड़े राजेश चौधरी ने भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभक्ति के संस्कारों के साथ अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की। विद्यार्थी परिषद, बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद, भाजपा युवा मोर्चा से लेकर मूल संगठन भाजपा तक उन्होंने हर स्तर पर मेहनत, समर्पण और संगठनात्मक क्षमता का परिचय दिया। अनेक उतार-चढ़ावों के बावजूद उन्होंने यह साबित किया कि उनकी पहचान अब सिर्फ प्रदेश तक सीमित नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में भी मजबूत है।
हाल ही में उनकी माता प्रेमवती देवी के निधन के बाद श्रद्धांजलि देने के लिए जिस तरह देश के विभिन्न राज्यों से विधायक, सांसद, मंत्री और पूर्व मंत्री उनके आवास पहुंचे, उसने भी उनकी राष्ट्रीय स्वीकार्यता को उजागर किया। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और गिरिराज सिंह का आगमन इस बात का प्रमाण है कि राजेश चौधरी ने संगठन में अपना स्थान मेहनत के दम पर बनाया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में प्रस्तावक बनने वाले 10 दिग्गजों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी जैसे नाम शामिल हैं। इसी प्रतिष्ठित सूची में राजेश चौधरी का नाम आना मथुरा के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है। रविवार देर शाम से यह खबर राष्ट्रीय मीडिया और न्यूज़ चैनलों पर तेजी से सुर्खियों में है।
नाम प्रस्तावक सूची में आते ही मांट क्षेत्र के कार्यकर्ताओं का उत्साह दोगुना हो गया है। बाजना मंडल अध्यक्ष दुर्गेश प्रधान, सुरीर मंडल अध्यक्ष संजय ठाकुर, नौहझील मंडल अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी, मंडल महामंत्री उमाकांत शर्मा ने कहा कि उन्हें गर्व है कि वे ऐसे सशक्त, दूरदर्शी और उभरते हुए विधायक के नेतृत्व में काम कर रहे हैं।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष मुकेश वार्ष्णेय ने कहा कि विधायक राजेश चौधरी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव में प्रस्तावक बनना पूरे मथुरा जनपद के लिए गौरव का विषय है। उनकी मेहनत और संगठन के प्रति निष्ठा युवाओं के लिए प्रेरणा है।
स्पष्ट है कि राजेश चौधरी का यह सम्मान संगठन में उनकी मजबूत जड़ों और भविष्य की बड़ी भूमिका की ओर संकेत करता है।