नगर क्षेत्र की शिक्षक संगोष्ठी में 369 शिक्षक सम्मानित , “शिक्षक पुत्र होने के नाते शिक्षकों का दर्द समझता हूँ” : श्रीकांत
नगर सीमा विस्तार में शामिल नवीन शिक्षकों का किया गया भव्य स्वागत
मथुरा । नगर संसाधन केंद्र के शिक्षकों की शैक्षिक संगोष्ठी का आयोजन स्थानीय होटल में गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर नगर निगम सीमा विस्तार में सम्मिलित हुए 369 नवीन शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व ऊर्जा मंत्री एवं मथुरा–वृंदावन विधायक श्रीकांत शर्मा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
विशिष्ट बीटीसी वेलफेयर एसोसिएशन एवं प्राथमिक शिक्षक संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह को संबोधित करते हुए श्रीकांत शर्मा ने कहा कि वे स्वयं एक शिक्षक के पुत्र हैं, इसलिए शिक्षकों की पीड़ा, चुनौतियों और जिम्मेदारियों को भली-भांति समझते हैं। उन्होंने कहा कि उनका निरंतर प्रयास रहता है कि परिषदीय विद्यालयों एवं शिक्षकों के हित में अधिक से अधिक सहयोग प्रदान किया जाए। उनके प्रेरणादायी संबोधन से उपस्थित शिक्षकों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ।
इस अवसर पर श्रीकांत शर्मा द्वारा राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त शिक्षिका सुनीता गुप्ता एवं शिक्षक नीरज मथुरिया को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आचार्य पूर्ण प्रकाश कौशिक महाराज ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करते हैं, इसलिए शिक्षकों को सर्वोच्च सम्मान प्राप्त है। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीजी बाबा सरस्वती विद्या मंदिर के पूर्व प्रधानाध्यापक एवं राष्ट्रपति पदक से सम्मानित शिक्षाविद डॉ. अजय शर्मा, संघ के विभाग प्रमुख शिवकुमार शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय, जिला मंत्री एवं जिला पंचायत सदस्य सतपाल चौधरी, नगर शिक्षाधिकारी राकेश कुमार, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र सारस्वत, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष लोकेश गोस्वामी तथा विशिष्ट बीटीसी वेलफेयर के जिलाध्यक्ष रवीन्द्र चौधरी ने भी शिक्षकों को संबोधित किया।
शिक्षक संगोष्ठी में एआरपी प्रीति भटनागर, एसआरजी अमित कुमार, दिव्या मिश्रा, रेनू राना एवं गिरीश कौशिक द्वारा निपुण भारत मिशन सहित विभिन्न शैक्षिक कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। समारोह में अतिथियों का पटुका पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान एवं आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, शिक्षक संघों के पदाधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक–प्रधानाचार्य तथा सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री बलवीर सिंह द्वारा किया गया।