विधायक राजेश चौधरी की माताजी के ब्रह्मभोज में उमड़ा जनसैलाब, लक्खी मेले में बदला गांव

नौहवारी दिनभर हूटरों से गूंजती रही, केंद्रीय मंत्री सहित दर्जनों सांसद-विधायक पहुंचे

मथुरा। मांट तहसील की नौहवारी सोमवार को इतिहास की गवाह बनी, जब भाजपा विधायक राजेश चौधरी की माता के निधन पर आयोजित ब्रह्मभोज एवं श्रद्धांजलि सभा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। हालात ऐसे रहे कि सुबह से देर रात तक हूटरों की आवाज, वीआईपी मूवमेंट और भारी भीड़ से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।
विधायक राजेश चौधरी द्वारा अपने पैतृक गांव सद्दीकपुर स्थित महाराजा सूरजमल फार्म हाउस पर आयोजित इस कार्यक्रम में मथुरा, अलीगढ़, हाथरस के साथ-साथ राजस्थान के भरतपुर और डीग जिलों से भी लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे। अनुमान है कि करीब 2 लाख से अधिक लोगों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
सड़कों के साथ खेतों की पगडंडियों पर भी भीड़ दिखाई दी। मुख्य मार्ग ही नहीं बल्कि खेतों की पगडंडियों और संपर्क मार्गों से होकर भी लोगों का सैलाब कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ता रहा। दोपहर होते-होते हालात ऐसे बन गए कि ब्रह्मभोज लक्खी मेले में तब्दील हो गया जिधर नजर डालो, उधर सिर्फ भीड़ ही भीड़ दिखाई दे रही थी।
सुबह 10 बजे से पुलिस की हूटर बजाती गाड़ियां और वीआईपी काफिले क्षेत्र में नजर आने लगे। ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने के लिए विभिन्न थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही। देर रात तक लगातार वीआईपी मूवमेंट चलता रहा।
कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने विधायक की माताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए कहा कि “मां की ममता का कोई मोल नहीं होता। कोई भी व्यक्ति जीवन में माता-पिता के ऋण से मुक्त नहीं हो सकता।
इसके अलावा कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान दिल्ली सरकार के गृहमंत्री आशीष सूद अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम बुलंदशहर सांसद डॉ. भोला सिंह हाथरस सांसद अनूप प्रधान
महिला आयोग अध्यक्ष बबीता चौहान छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री महेश गागड़ा भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय मयूख देश के कई राज्यों से आए भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में विधायक और सांसद मौजूद रहे।
दोपहर में डीएम चंद्र प्रकाश सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार, नगर आयुक्त जग प्रवेश, सीडीओ मनीष मीणा सहित जिले का पूरा प्रशासनिक अमला श्रद्धांजलि देने पहुंचा। शाम को आगरा पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार और देर रात प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
भीड़ इतनी अधिक थी कि सिकंदरा विधायक लक्ष्मीराज सिंह और भाजपा के कद्दावर नेता चंद्रमोहन सिंह सहित कई वीआईपी को अपना काफिला छोड़कर किलोमीटरों पैदल चलकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचना पड़ा।
कार्यक्रम के समापन पर विधायक राजेश चौधरी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में जुटे क्षेत्रीय लोगों और कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया।