मथुरा में 11 जनवरी को मेगा वोटर कैंप, सभी बूथों पर खुलेगी खुली बैठक, सुबह 9 से शाम 4 बजे तक चलेगा अभियान

मथुरा । विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान–2026 के तहत जनपद की सभी विधानसभाओं के समस्त मतदेय स्थलों पर 11 जनवरी 2026 (रविवार) को मेगा कैंप / खुली बैठक का आयोजन किया जाएगा। यह कैंप प्रातः 9 बजे से सायं 4 बजे तक चलेगा।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन कार्यालय मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर किया जा रहा है। इस दौरान प्रत्येक बूथ पर तैनात बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) द्वारा संबंधित आलेख्य निर्वाचक नामावली को पढ़कर सुनाया जाएगा और मतदाता सूची से जुड़े अधिक से अधिक फॉर्म-6 (नया नाम जोड़ना), फॉर्म-7 (नाम हटाना) और फॉर्म-8 (संशोधन) प्राप्त किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मेगा कैंप मतदेय स्थल पर ही आयोजित होगा और इसमें बीएलओ बीएलए (मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि) सुपरवाइजर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी क्षेत्रीय लेखपाल के साथ-साथ नगरीय क्षेत्रों में नगर निकाय कर्मचारी, टैक्स कलेक्टर, सैनेटरी इंस्पेक्टर, सफाई कर्मी, पार्षद ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम प्रधान, पंचायत सदस्य, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, बीसी सखी, नरेगा महिला मेट राशन डीलर, स्वयं सहायता समूह सदस्य विद्युत विभाग के लाइनमैन व मीटर रीडर आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्री क्षेत्रीय विद्यालयों के शिक्षक भी कैंप में मौजूद रहेंगे।

प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने नाम, पता, उम्र और अन्य विवरणों की जांच अवश्य करें और किसी भी त्रुटि के सुधार के लिए मौके पर ही आवेदन करें।
यह अभियान स्वच्छ, पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।