यातायात सुधार पर प्रशासन सख्त, मथुरा में लागू होंगे नए नियम
ई-रिक्शा बने जाम की वजह, पंजीकरण और फैब्रिकेशन अनिवार्य
मथुरा। मथुरा–वृंदावन सहित जनपद की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जाम की समस्या पर गहन मंथन किया गया और कई अहम फैसले लिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि यातायात सुधार को लेकर कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नए यातायात नियम लागू किए जाएंगे और इसके लिए आमजन को पहले जागरूक किया जाएगा।
बैठक में गोवर्धन, छटीकरा, मंडी और नरहौली तिराहे की स्थिति की समीक्षा की गई। समीक्षा के बाद नरहौली तिराहे को सबसे जटिल जाम स्थल घोषित किया गया। इस समस्या के समाधान के लिए सभी संबंधित विभागों को संयुक्त रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने पुलिस चौकी शिफ्ट करने रोड लाइन मार्किंग हाई-मास्ट लाइट स्थानांतरण के अलावा भारी वाहनों के आवागमन का समय तय करने जैसे कदम उठाने पर सहमति बनी।
ई-रिक्शा पर चलेगा प्रशासन का डंडा
बैठक में सामने आया कि जाम का सबसे बड़ा कारण ई-रिक्शा हैं। इस पर निर्णय लिया गया कि बिना पंजीकरण ई-रिक्शा नहीं चलेंगेई-रिक्शा मालिकों को नोटिस जारी होंगे। सवारी केवल एक दिशा से बैठ-उतर सकेगी। ई-रिक्शा में स्थायी फैब्रिकेशन अनिवार्य होगा पर्वों के दौरान अतिक्रमण पर भी सख्ती होगी। छटीकरा, मंडी और गोवर्धन चौराहे पर पर्वों के दौरान हुए अतिक्रमण को हटाने और दोबारा न होने देने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में एसएसपी श्लोक कुमार मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीणा मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन के अलावा एएसपी यातायात मनोज कुमार, नगर आयुक्त जग प्रवेश सचिव विकास प्राधिकरण आशीष कुमार सिंह सहित सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।