वृन्दावन में ‘नशे के सौदागर’ पर योगी का हंटर: 1.60 करोड़ का ‘पाप का महल’ कुर्क!

​मथुरा (वृन्दावन)। धर्मनगरी में अवैध धंधों के दम पर साम्राज्य खड़ा करने वाले शातिर अपराधियों की अब खैर नहीं है। मंगलवार को वृन्दावन पुलिस ने शराब तस्करी और ड्रग्स के काले कारोबार से अकूत संपत्ति जमा करने वाले शातिर अपराधी पवन गोस्वामी की कमर तोड़ दी। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए अपराधी के 1 करोड़ 60 लाख 23 हजार 250 रुपये कीमत के आलीशान मकान को कुर्क कर लिया है।

​ढोल-नगाड़ों के साथ हुई मुनादी, मोहल्ले में मचा हड़कंप
​मंगलवार को जब गौरा नगर कॉलोनी में पुलिस फोर्स के साथ ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और क्षेत्राधिकारी सदर पहुंचे, तो इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने बाकायदा मुनादी कराई और लाउडस्पीकर पर ऐलान किया कि यह संपत्ति अब सरकारी है। अपराधी पवन ने अपनी पत्नी मौसमी के नाम पर 225.25 वर्ग मीटर का प्लॉट लेकर उस पर आलीशान निर्माण कराया था, जिसे जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर सील कर दिया गया है।

​अपराधों की ‘सेंचुरी’ लगाने की राह पर था पवन
​पकड़ा गया अभियुक्त पवन पुत्र रमेशचन्द्र कोई छोटा-मोटा अपराधी नहीं है। इसके आपराधिक इतिहास की लिस्ट इतनी लंबी है कि पुलिस के पन्ने कम पड़ जाएं। पवन पर मथुरा और आगरा के विभिन्न थानों में 19 संगीन मुकदमे दर्ज हैं।

​शराब तस्करी (Excise Act): जहरीली शराब और तस्करी के दर्जनों मामले।
​नशाखोरी (NDPS Act): चरस-गांजा और नशीले पदार्थों की सप्लाई।
​धोखाधड़ी और जालसाजी: धारा 420, 467 और 468 के तहत गंभीर अपराध।

​पुलिस की जांच में साफ हुआ कि पवन ने एक संगठित गिरोह बनाकर समाज में जहर घोला और उससे मिले अवैध धन से गौरा नगर में जमीन खरीदी। जिस मकान पर आज बुलडोजर जैसी चोट पहुंची है, उसकी कीमत सवा करोड़ से भी अधिक आंकी गई है। ​इस बड़ी कार्रवाई को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट (सदर) और क्षेत्राधिकारी (सदर) के निर्देशन में अंजाम दिया गया। टीम में वृन्दावन प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पाण्डेय, चौकी प्रभारी रजत दुबे और उनकी टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए अपराधी की संपत्ति को जब्त किया।