मथुरा। श्रीजी गंगा सेवा समिति के तत्वावधान में श्री गंगा महारानी के 19वें दो दिवसीय भव्य दरबार एवं भजन संध्या का श्रद्धा और भक्ति के साथ आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्री गंगा महारानी के दरबार को देशी व विदेशी फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया तथा माता के श्रीचरणों में छप्पन भोग अर्पित किए गए।
कार्यक्रम के प्रथम दिन विद्वान आचार्यों द्वारा विधि-विधान से हवन-यज्ञ संपन्न कराया गया जबकि दूसरे दिन ब्राह्मण भोज का आयोजन हुआ और श्री गंगा महारानी के भव्य दरबार के समक्ष छप्पन भोग सजाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वृंदावन से पधारे परम संत योगी नवल गिरी महाराज द्वारा श्री गंगा महारानी के विग्रह के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। अपने उद्बोधन में योगी नवल गिरी महाराज ने कहा कि श्रीजी गंगा सेवा समिति समाज के लिए निरंतर सराहनीय कार्य कर रही है और समय-समय पर गरीब एवं असहाय लोगों की सहायता करना अत्यंत पुण्य का कार्य है।
समिति के संस्थापक छगनलाल कागजी एवं महेश चंद गिलट वालों ने समिति द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष विष्णु गिलट वाले एवं मंगी माधव सर्राफ द्वारा डॉ. अशोक अग्रवाल सहित अन्य समाजसेवियों का सम्मान किया गया।
भजन संध्या में कलाकारों द्वारा देवी गंगा मां के भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी गई जिनका श्रद्धालुओं ने देर रात तक आनंद लिया। कार्यक्रम का समापन प्रसादी वितरण एवं श्री गंगा महारानी की महाआरती के साथ किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अजय बंटी, अमित कागजी, दीपक सर्राफ, ललित सर्राफ, आशीष, अपूर्व, योगेंद्र सहित अनेक कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। अंत में समिति के अध्यक्ष विष्णु गिलट वाले ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।