मथुरा। पौष पूर्णिमा के पावन पर्व पर धर्मनगरी मथुरा में श्रद्धा और भक्ति का विराट दृश्य देखने को मिला। ऐतिहासिक तीर्थ विश्राम घाट पर तड़के से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने यमुना में पवित्र स्नान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और पुण्य लाभ अर्जित किया।
पर्व के अवसर पर नगर के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धालुओं द्वारा भंडारों का आयोजन किया गया। प्रसाद वितरण के साथ-साथ जनसेवा का भाव प्रमुख रूप से दिखाई दिया। भरतपुर गेट पर विशाल भंडारा लगाया गया जहां श्रद्धालुओं के साथ-साथ गरीब असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को भोजन वितरित किया गया। भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
शाम के समय जोगेंद्र नाथ महादेव मंदिर में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सामूहिक सुंदरकांड पाठ के बाद भजन संध्या आयोजित हुई जिसमें भक्तिरस से ओत-प्रोत वातावरण बन गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर ठाकुर बालाजी हनुमान महाराज की भव्य महाआरती की गई। आरती के दौरान मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा। प्रसाद वितरण के साथ धार्मिक कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस आयोजन को सफल बनाने में कमोद कुमार शर्मा, डॉ. नवीन शर्मा, रशीद भाई सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा। माघ पूर्णिमा के पर्व पर मथुरा में श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.