यूपी में एसआईआर को लेकर बड़ा अपडेट , अब छह जनवरी को आएगी पहली कच्ची सूची

लखनऊ । इलेक्शन कमीशन ने एक बार फिर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की तिथियां संशोधित कर दी हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा ने बताया कि संशोधित तिथियों के अनुसार, अब कच्ची मतदाता सूची का प्रकाशन 6 जनवरी को होगा। पहले यह तिथि 31 दिसंबर घोषित की गई थी। इसी तरह से दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 6 जनवरी से 6 फरवरी तक निर्धारित की गई है। जबकि, पहले ये तिथियां 16 दिसंबर से 15 जनवरी तक थी। इसी तरह से अब 6 जनवरी से 27 फरवरी तक नोटिस चरण, गणना प्रपत्रों पर निर्णय, दावे और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 6 मार्च को किया जाएगा।

बता दें कि आयोग ने 27 अक्तूबर को एसआईआर कराने की घोषणा की थी। उसके बाद 30 नवंबर और 11 दिसंबर को संशोधित कार्यक्रम जारी किए गए। आयोग ने मंगलवार को तीसरी बार एसआईआर का समय बढ़ाया। चुनाव आयोग अर्हता तिथि 1 जनवरी, 2026 के आधार पर एसआईआर करवा रहा है।