कमिश्नर डीआईजी डीएम एसएसपी का दल वृंदावन-बरसाना पहुंचा, श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए बनाई व्यवस्था

वृंदावन। नववर्ष 2026 को लेकर श्री बांके बिहारी जी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन एवं मंदिर प्रबंधन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में मंगलवार को आगरा मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह, पुलिस उप-महानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने श्री बांके बिहारी जी मंदिर एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य एवं साफ-सफाई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने कहा कि इन दिनों वृंदावन में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ रहा है जो नववर्ष के अवसर पर और अधिक बढ़ सकता है। ऐसे में किसी भी श्रद्धालु या जनपदवासी को असुविधा न हो इसके लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहा है।
इधर नए साल को लेकर ठाकुर श्री बांके बिहारी जी महाराज वृन्दावन आने वाले दर्शनार्थियों के लिए प्रशासन ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। मंदिर प्रशासन ने 29 दिसम्बर 2025 से 5 जनवरी 2026 तक संभावित अत्यधिक भीड़, गलियों में दबाव एवं यातायात जाम को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं से अपील की है कि वृन्दावन आने से पूर्व भीड़ का आकलन करें। श्रद्धालु अपने साथ किसी भी प्रकार का बैग या कीमती सामान लेकर न आएं। दर्शन के दौरान निर्धारित प्रवेश एवं निकास मार्गों का ही प्रयोग करें तथा पब्लिक एड्रेस सिस्टम पर की जा रही घोषणाओं को ध्यानपूर्वक सुनें और उनका पालन करें। नववर्ष के कारण वृन्दावन में यातायात जाम और मंदिर की गलियों में अत्यधिक भीड़ का दबाव बन सकता है। ऐसे समय में वृद्धजन, दिव्यांगजन, छोटे बच्चे, हृदय रोगी, शुगर, बीपी, श्वास संबंधी रोगी, मिर्गी या दौरे से पीड़ित व्यक्ति मंदिर आने से परहेज करें। श्रद्धालुओं से खाली पेट न आने, आवश्यक दवाइयां साथ रखने की भी अपील की गई है।
इसके साथ ही प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खोया-पाया केंद्र मंदिर के गेट नंबर–2 तथा श्री बांके बिहारी जी पुलिस चौकी पर स्थापित किया गया है। श्रद्धालु सहयोगात्मक व्यवहार अपनाएं, नियमों का पालन करें और सुरक्षित व सुगम दर्शन व्यवस्था में सहयोग दें, ताकि नववर्ष पर वृंदावन में श्रद्धा और व्यवस्था दोनों का संतुलन बना रहे।
वृंदावन भ्रमण के उपरांत मंडलायुक्त पुलिस उप-महानिरीक्षक जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने नगर पंचायत बरसाना स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री राधा-रानी जी मन्दिर को जोड़ने वाली गलियों मार्गों सीढ़ियों आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर के मार्गों में स्थित दुकानदारों से आग्रह किया कि अपने दुकानों का सामान अंदर रखे। मार्ग को अवरुद्ध न करे। उन्होंने श्रद्धालुओं पर्यटकों दर्शनार्थियों आदि हेतु की गई विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सभी अधिकारी सीढ़ियों के मार्ग से श्री राधा-रानी जी मंदिर पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा एवं सफाई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक देहात सुरेश चंद्र रावत एडीएम प्रसाशन अमरेश कुमार एस डी एम सदर अभिनव जैन उप जिलाधिकारी गोवर्धन प्राजक्ता त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी गोवर्धन अनिल कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी प्रशांत कुमार सुचारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।