न्यू ईयर के लिए बांके बिहारी मंदिर की ओर से एडवाइजरी जारी, 29 दिसंबर से 5 जनवरी तक न आने की अपील

मथुरा । नए साल के लिए ठाकुर श्री बांके बिहारी जी महाराज वृन्दावन के प्रबंधक (प्रशासन) ने सभी दर्शनार्थियों से अनुरोध किया है मंदिर एवं आस-पास के क्षेत्र में बढ़ने वाले दर्शनार्थियों की भीड़ के दबाव एवं होने वाली असुविधाओं को दृष्टिगत रखते हुए 29 दिसम्बर 2025 से 5 जनवरी 2026 तक यदि संभव हो सके तो वृन्दावन आने से परहेज करें, अति आवश्यक होने पर ही यात्रा कार्यक्रम बनाए।

श्रद्धालुओं के लिए एडवाइजरी

1. सभी बाहर से आने वाले दर्शनार्थीगणों से अनुरोध है कि वह वृन्दावन आने से पूर्व भीड़ का आकलन कर वृन्दावन पधारे। सभंव हो तो यात्रा से परहेज करें अति आवश्यक होने पर ही यात्रा कार्यक्रम बनाए।

2. श्रृद्धालु अपने साथ किसी भी प्रकार का बैग अथवा कीमती सामान साथ न लाएं।

3. श्रृद्धालु मंदिर में अनावश्यक समस्याओं से बचने हेतु निर्धारित प्रवेश एवं निकास मार्ग का ही प्रयोग करें। पब्लिक एड्रेस सिस्टम पर की जा रही अनाउंसमेंट को ध्यानपूर्वक सुने एवं पालन करें।

4. मंदिर में आने-जाने का रास्ता व गेट अलग-अलग रहेंगे, अनावश्यक समस्याओं से बचने हेतु श्रृद्धालु जूता, चप्पल पहन कर मंदिर की तरफ न आए। जूता, चप्पल की व्यवस्था मंदिर की तरफ से मंदिर से जुड़ने वाले सभी मुख्य मार्गो पर ही की गई है। अतः जूता, चप्पल कृपया निर्धारित स्थान पर ही उतारकर आए।

5. श्रृद्धालु जेबकतरों, चैन कतरों व मोबाइल चोरों से सावधान रहें।

6. पाश्चात्य नव वर्ष के कारण दर्शनार्थियों को वृन्दावन में ट्रैफिक जाम एवं गलियों में भीड़ के अत्यधिक दबाव की स्थिति का सामना करना पड़ सकता है।

7. श्रृद्धालु अपने परिवारजनों की जेब में पत्ता एवं फोन नंबर की पर्ची अवश्य रखे ताकि बिछड़ने पर आपको सूचित किया जा सके।

8. भीड़ के समय वृद्ध, दिव्यांगजन, छोटे बच्चों, वी0पी0, हृदय, शुगर के मरीजों, बीमार व्यक्तियों व श्वास सम्बन्धी रोगी मिर्गी एवं दौरा के रोगी मंदिर में ना आए। खाली पेट ना आए। आवश्यक दवाईयों साथ रखें।

9. मंदिर की तरफ से खोया पाया केन्द्र मंदिर के गेट नंबर 2 एवं श्री बांके बिहारी जी पुलिस चौकी पर बनाया गया है।

10. श्रृद्धालु लपकों एवं अन्य असामाजिक तत्वों से सावधान रहें, अपने सामान की सुरक्षा स्वयं करे।