मथुरा वृंदावन में खाद्य विभाग ने लिए प्रसिद्ध कैफे सहित कई दुकानों से सैंपल

मथुरा । आगामी क्रिसमस पर्व के अवसर पर मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों के विक्रय पर प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन,लखनऊ एवं जिलाधिकारी, मथुरा के आदेश के क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अभियान चलाया। खाद्य पदार्थों के नमूने भरे। सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय मथुरा धीरेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशन एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञानपाल सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा प्रवर्तन कार्रवाई कर कदम्ब विहार, टाउनशिप, सदर बाजार, मांट एवं वृन्दावन से केक के नमूनें संग्रहित किए गए। कुल पांच नमूने संग्रहित कर खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला को जांच हेतु प्रेषित किए गए। भूतेश्वर पर एक कैफे पर केक का नमूना खाद्य सुरक्षा अधिकारी भरत सिंह ने लिया। खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर सुधार के निर्देश दिए। वृंदावन में फूड सेफ्टी वैन के माध्यम से महिलाओं को खाद्य सुरक्षा अधिकारी रीना शर्मा द्वारा जागरूक किया कि किस प्रकार घर पर जांच कर सकते हैं।

जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र कुमार,भरत सिंह, रीना शर्मा, राम नरेश व अरुण कुमार सम्मिलित रहे। सहायक आयुक्त धीरेन्द्र प्रताप सिंह के अनुसार टीम ने अभियान चलाकर केक के नमूने भरे और लोगों को आवश्यक जानकारी दी।