मथुरा। नगर निगम मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में कूड़ा निष्पादन का जिम्मा संभालने वाली नेचर ग्रीन कंपनी के कर्मचारियों ने बुधवार को अचानक हड़ताल कर दी। कंपनी प्रबंधन पर उत्पीड़न और अन्यायपूर्ण व्यवहार के आरोप लगाते हुए कर्मचारी नगर निगम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी की। हड़ताल के कारण पूरे महानगर में सुबह से ही कूड़ा उठाने का कार्य ठप्प पड़ गया। गलियों और सड़कों पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए जिससे दुर्गंध फैलने लगी। मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि कंपनी ने अब तक उन्हें दिवाली का बोनस और बढ़ा हुआ वेतन नहीं दिया है। इसके साथ ही उन्होंने महीने में चार अवकाश और ओवरटाइम भत्ता देने की भी मांग की।
धरने की सूचना पर नगर निगम प्रशासन और कंपनी प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। नेचर ग्रीन कंपनी के मैनेजर अभिलाष त्रिपाठी ने बताया कि कर्मचारियों को सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा बढ़े हुए वेतन को लेकर अभी तक कोई सरकारी आदेश नहीं आया है। जब ऐसा आदेश जारी होगा तो प्रदेश के सभी नगर निगमों में एक साथ लागू किया जाएगा।
दोपहर बाद बातचीत के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म कर दी और पुनः अपने कार्य पर लौट आए। देर शाम तक शहर में सामान्य रूप से कूड़ा उठाने का कार्य शुरू कर दिया गया। इस संबंध में नगर आयुक्त जगप्रवेश ने कहा कि डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन कम्पनी के हड़ताली कर्मचारियों को माह के प्रथम सप्ताह में हर संभव वेतन मिल जाया करेगा।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.