मथुरा। स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग का ऑनलाइन पोर्टल igrsup.gov.in चार दिनों के लिए बंद रहेगा। विभाग के सर्वर को दूसरे सर्वर पर स्थानांतरित (माइग्रेट) करने के कारण यह अस्थायी व्यवधान रहेगा।
सहायक महानिरीक्षक निबंधन एवं सहायक आयुक्त स्टाम्प अर्पिता शर्मा पांडेय ने बताया कि 8 नवम्बर (शनिवार) से 11 नवम्बर (मंगलवार) तक सर्वर पर रखरखाव और स्थानांतरण का कार्य किया जाएगा। इस दौरान ऑनलाइन रजिस्ट्री और अन्य संबंधित आवेदन सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी।
इस अवधि में उप-निबंधक कार्यालयों में भी रजिस्ट्री का कार्य नहीं हो सकेगा, इसलिए आमजन से अपील की गई है कि वे अपने दस्तावेज़ों के पंजीकरण या संबंधित कार्य 8 नवम्बर से पहले या 11 नवम्बर के बाद ही कराएं।
उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद पोर्टल पहले से अधिक तेज़ और सुरक्षित हो जाएगा, जिससे नागरिकों को ऑनलाइन सेवाओं का बेहतर अनुभव मिलेगा।