श्रीराधाष्टमी मेले बरसाना में वन-वे रास्ते से ही श्रद्धालु करेंगे दर्शन, टुकड़ियों में भेजे जायेंगे मंदिर
मथुरा। 30 और 31 अगस्त को बरसाना में विश्व प्रसिद्ध श्री लाडली जी मंदिर में आयोजित श्री राधाष्टमी पर्व को लेकर करेला रोड पर स्थित 108 कुटिया में ब्रीफिंग कर सबको मेले के बारे में विस्तार से जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने सभी अधिकारियों को जानकारी दी।
ब्रीफिंग में अधिकारियों ने बताया कि श्रीराधाष्टमी मेले में इस बार वन-वे रास्ते से ही श्रद्धालुओं को दर्शन कराये जाएंगे। बरसाना में श्री राधाष्टमी मेले में लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं, दर्शनार्थियों एवं पर्यटकों द्वारा दर्शन किए जाएंगे।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को जगह जगह रोककर टुकड़ियों के द्वारा श्री राधारानी जी मंदिर दर्शन के लिए भेजा जाएगा। पिछले सालों की कमियों को ध्यान में रखते हुए इस बार सुधार किया गया है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि बरसाना श्री राधाष्टमी मेले में एकल मार्ग की व्यवस्था रहेगी। सीढ़ियों के रास्ते श्रद्धालु दर्शन करते हुए गाड़ियों वाले रास्ते से नीचे उतारे जाएंगे। वन-वे रास्ते को सुचारू रखना हमारी प्राथमिकता रहेगी। मंन्दिर के अंदर बैरिकेडिंग लगाकर व्यवस्था कराई जाती है। श्रद्धालुओं को रास्ते में बैरिकेडिंग के माध्यम से रोक रोककर टुकड़ियों में दर्शन कराए जाएंगे।
मंन्दिर के मुख्य द्वार पर भीड़ का दवाब ना बढ़े इसलिए श्रद्धालुओं को बीच-बीच में रोका जाएगा ताकि मंन्दिर में भीड़ एक साथ एकत्रित ना हो पाए। सबसे यही अपील है कि धैर्य के साथ दर्शन करें। थोड़ी अवधि के लिए ही मंन्दिर बंद रहेगा। श्रृंगार आरती के बाद निरंतर दर्शन होते रहेंगे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने ब्रीफिंग में सभी अधिकारियों से मधुरता से ड्यूटी करने के लिए कहा कोई भी किसी भी परस्थिति में धैर्य न खोए, सभी श्रद्धालु अतिथि है, उनका उसी प्रकार स्वागत करें। किसी भी श्रद्धालु को परेशानी न हो। अधिकारी एक दूसरे के सहयोग के साथ सेवा करें। संपूर्ण मेला क्षेत्र में सीसीटीवी लगे हुए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा को देखते हुए बरसाना को 6 जॉन 18 सेक्टर में विभाजित किया गया है।
संपूर्ण मेला क्षेत्र में 50 पार्किंग स्थल, 86 बैरियर लगाए गए है। ब्रीफिंग में अपर जिलाधिकारी (वि. एवं रा.) डॉ पंकज कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशाशन डॉ अमरेश कुमार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुरेश चंद रावत, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुरेन्द्र कुमार, मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण के सचिव अरविंद कुमार द्विवेदी, ओएसडी प्रसून द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक यातायात मनोज कुमार, उप जिलाधिकारी गोवर्धन प्राजक्ता त्रिपाठी आदि अधिकारी मौजूद रहे।