चेतेश्वर पुजारा ने भारतीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से लिया संन्यास , सोशल मीडिया पर लिखा भावुक पोस्ट

नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शुमार चेतेश्वर पुजारा ने भारतीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। रविवार को एक भावुक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पुजारा ने अपने इस महत्वपूर्ण फैसले को साझा किया। उन्होंने अपने लंबे और शानदार क्रिकेट करियर को अलविदा कहते हुए कहा कि भारतीय जर्सी पहनना और देश का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात थी। पुजारा ने कहा कि इस अनुभव को शब्दों में बयां करना नामुमकिन है।

राजकोट के एक छोटे से शहर से निकलकर भारतीय टेस्ट टीम की रीढ़ बनने तक का सफर तय करने वाले पुजारा ने हमेशा अपने शांत स्वभाव और अडिग फोकस से खुद को अलग साबित किया। उनके करियर का एकमात्र लक्ष्य था भारतीय क्रिकेट के लिए समर्पण और योगदान। यही वजह थी कि वह टीम इंडिया के लिए एक अहम स्तंभ बनकर उभरे, खासतौर पर टेस्ट क्रिकेट में। उन्हें राहुल द्रविड़ के बाद भारत की दीवार कहा जाने लगा।

अपने रिटायरमेंट नोट में पुजारा ने लिखा, ‘राजकोट के एक छोटे शहर से निकलकर मैंने क्रिकेट के जरिए सितारों को छूने का सपना देखा था। यह खेल मुझे सिर्फ पहचान ही नहीं, बल्कि जिंदगी के कई अनमोल अनुभव, उद्देश्य और सच्चा प्यार भी दे गया। सबसे बड़ी बात, इसने मुझे अपने राज्य और देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका दिया।’ पुजारा का ये संदेश केवल एक विदाई नहीं थी, बल्कि उन सभी यादों, संघर्षों और उपलब्धियों का भावनात्मक पुनरावलोकन भी था जो उन्होंने पिछले दो दशकों में एक क्रिकेटर के तौर पर संजोईं। उन्होंने लिखा, ‘जर्सी पहनकर मैदान में उतरना, राष्ट्रगान गाना और हर बार अपना सर्वश्रेष्ठ देना, ये सब कुछ मेरे लिए बेहद खास था।’ हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि हर सफर का एक पड़ाव होता है और अब उन्होंने इस सफर को यहीं विराम देने का फैसला लिया है।