माया टीला पर मकान धंसने के मामले में सुनील चैन पर लगी रासुका शासन ने की कंफर्म, कन्नू को मिली अग्रिम जमानत

मथुरा। महानगर के कच्ची सड़क कृष्ण गंगा क्षेत्र स्थित टीले पर बने आधा दर्जन मकान धराशायी होने के मामले में गिरफ्तार अभियुक्त सुनील चैन पर जिला प्रशासन द्वारा की गई राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) की कार्यवाही को गृह विभाग ने सलाहकार बोर्ड की रिपोर्ट पर पुष्टि करते हुए मोहर लगा दी है। उक्त आशय का आदेश शासन के गृह विभाग ने जिला प्रशासन को रेडियो ग्राम के माध्यम से भेज दिया है।
इस आदेश के मुताबिक सुनील चैन को अब जेल में 1 जुलाई 26 तक रहना होगा। जिला प्रशासन ने सुनील चैन पर बीती 2 जुलाई को एनएसए लगाया था। परिजनों ने इस आदेश को लेकर लखनऊ उच्च न्यायालय की खंड पीठ में अपील कर दी है। ज्ञात रहे इस प्रकरण में दूसरे अभियुक्त कृष्ण कुमार अग्रवाल उर्फ़ कन्नू को हाईकोर्ट से पहले ही अग्रिम जमानत मिल चुकी है।