टोरेंट कम्पनी की मथुरा में नगर निगम ने की एनओसी निरस्त

मथुरा। मथुरा वृंदावन नगर निगम ने महानगर क्षेत्र में सीएनसी/पीएनजी की घरों में आपूर्ति के लिए बिछाई जा रही अंडर ग्राउंड पाइप लाइन का काम रुकवा दिया है। इसके लिए दी गई कम्पनी की एनओसी भी निरस्त कर दी है।
मथुरा वृंदावन महानगर क्षेत्र में गैस आपूर्ति के लिए टोरेंट कम्पनी को अनुमति प्रदान की थी। इसके तहत कम्पनी को पाइप लाइन डालने के दौरान होने वाली खुदाई स्थल पर रेस्टोरेशन का काम भी करना था। इसके लिए मानक तय किए गए, लेकिन खुदाई के बाद संबंधित क्षेत्र को व्यवस्थित करने में कम्पनी लगातार लापरवाही बरत रही थी। इससे आम लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही सड़क और गलियों की हालत खराब होने लगी। इसे लेकर शिकायतें बढ़ने लगीं। पार्षद चंदन आहूजा ने भी इस आशय की शिकायत नगर आयुक्त से की। उपरोक्त शिकायतों का संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त जग प्रवेश ने जाँच के आदेश दिए। साथ ही बरसात के दौरान काम बंद करने को कहा गया। जांच दौरान सामने आया कि बरसात मे खुले गड्डो से जनता को हो रही है जानमाल की हानि और नियमों को ताक पर रख कार्य किया जा रहा था।
इस पर नगर आयुक्त ने कम्पनी के खिलाफ कर्रवाई का फैसला किया है। टोरेंट गैस की एनओसी रद्द कर दी है। कम्पनी पर राजस्व हानि के लिए जुर्माना लगाने का भी आदेश दिया है।