मथुरा में आर ओ-ए आर ओ की परीक्षा को लेकर डीएम एसएसपी रहे चौकस , 13 हजार से अधिक रहे अनुपस्थित

मथुरा। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज द्वारा आयोजित समीक्षा अधिकारी / सहायक समीक्षा अधिकारी आदि (प्रा) परीक्षा-2023 का आयोजन जनपद में रविवार को शांति पूर्वक हुआ। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने केन्द्रो का निरीक्षण किया। परीक्षा में 40.80 प्रतिशत उपस्थिति रही। निरीक्षण के दौरान आगरा मंडल के डी आई जी शैलेश कुमार पांडेय ने भी निर्देश दिए।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के निर्देशानुसार रविवार को प्रातः 05:30 बजे कोषागार से 51 सेक्टर मजिस्ट्रेटों को परीक्षा सामग्री प्राप्त कराई गई। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा सामग्री प्राप्त करते हुए अपने केंद्रों के लिए रवाना हुए। जिलाधिकारी ने स्वयं उपस्थित होकर उक्त कार्य का पर्यवेक्षण किया। इसके बाद जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने हजारी मल सोमानी नगर निगम इंटर कॉलेज, हनुमान प्रसाद धानुका सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल वृंदावन का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र पर उपस्थित मजिस्ट्रेट को परीक्षा सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए।
परीक्षा के लिए 22310 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें से 9103 उपस्थित और 13207 अनुपस्थित रहे। इस तरह 40.80 प्रतिशत उपस्थिति रही। परीक्षा की तैयारियों में अपर जिलाधकारी वित्त पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधकारी प्रशासन अमरेश कुमार का विशेष योगदान रहा।