श्री कृष्ण जन्मभूमि क्षेत्र में निगम के अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर व्यापारियों ने किया बाजार बंद, नारेबाजी
मथुरा। मथुरा वृंदावन नगर निगम की टीम द्वारा शुक्रवार को श्री कृष्ण जन्म भूमि के मुख्य गेट के सामने बाजार में चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में व्यापारियों ने आक्रोश करते हुए बाजार बंद कर दिया।
अगले महीने जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने जन्म भूमि के बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान दुकानदारों का कहना था कि नाली के बाहर सामान जो रखा है वह अतिक्रमण है जबकि नाली के भीतर परिधि में दुकान के अंदर आता है उसको नहीं हटना चाहिए। व्यापारियों की विरोध के बावजूद निगम अधिकारियों ने उनकी एक न सुनी और उनके तिरपाल काउंटर सहित सामान की तोड़फोड़ कर डाली। जन्मभूमि के गेट नंबर 1 पर शृंगार सामिग्री की इंदु की दुकान को जेसीबी से तोड़ दिया। निगम के जेसीबी ने पक्षपात करते हुए बाजार में केवल तोड़फोड़ एक साइड की जबकि होटल रेस्टोरेंट वाली पट्टी पर अधिक अतिक्रमण है उसको जरा भी नहीं हटाया। व्यापारियों का आरोप है कि क्षेत्र में यात्रियों व दुकानदारों के लिए ना तो शौचालय और ना ही पीने के लिए पानी की कोई व्यवस्था है। सड़क किनारे जो नालियां बनी है वह सिल्ट से अटी पड़ी है बरसात में गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर आ जाता है। श्रद्धालुओं को गंदे पानी में होकर दर्शन को जाना पड़ता है। जन्मभूमि की तरफ साइकिल लाना भी प्रतिबंधित कर दिया गया है। दुकानदारों का आरोप है कि उनका सामान नाली से अंदर दुकान के सामने अंदर रखा हुआ था। जिसे निगम के कर्मचारी उठा कर ले गए। नगर निगम व्यवस्था बनाने के नाम पर अव्यवस्था फैला रहा है।
इसको लेकर दुकानदारों ने एकत्रित होकर नारेबाजी की। आक्रोश स्वरूप दुकानदारों ने बाजार बंद कर नगर निगम प्रशासन को चेतावनी दी है कि वह किसी के दबाव में आकर यह दमनात्मक कार्रवाई न करें।