मथुरा। जनपद में पड़ रही अत्यधिक धूप और भीषण गर्मी के कारण तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। इसे देखते हुए छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने एक बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी सीपी सिंह के निर्देशों में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने कक्षा 1 से लेकर कक्षा 8 तक के सभी विद्यालयों के समय में बदलाव का आदेश जारी कर दिया है। जारी आदेश के अनुसार, जनपद के समस्त परिषदीय, सीबीएसई, आईसीएसई, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, मदरसा एवं अन्य सभी बोर्डों से संचालित विद्यालयों में शिक्षण कार्य का समय अब प्रातः 07:30 बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक सुनिश्चित किया गया है। यह आदेश 28 जून 2026 से आगामी आदेशों तक प्रभावी रहेगा।
आदेश में सभी विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाध्यापकों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित समयावधि के भीतर शिक्षण कार्य को सुव्यवस्थित, अनुशासित और गुणवत्तापूर्ण ढंग से संचालित करें। साथ ही, छात्र-छात्राओं को छुट्टी के बाद अनावश्यक रूप से विद्यालय परिसर में न रोका जाए। गर्मी और तापजनित प्रभावों से बचाव के लिए स्कूलों में स्वच्छ पेयजल, प्राथमिक उपचार और अन्य पर्याप्त व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही, समस्त शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए ‘टाइम एंड मोशन’ नियमों का अक्षरशः पालन करना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके तहत सभी स्टाफ को शिक्षण अवधि शुरू होने से कम से कम 15 मिनट पूर्व विद्यालय में उपस्थित होना होगा, तथा शिक्षण अवधि समाप्त होने के उपरांत न्यूनतम 30 मिनट तक विद्यालय में रुककर शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं अभिलेखीय कार्यों का निष्पादन करना होगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।