सेना के साहस को सलाम करने आदमपुर एयरबेस पहुंचे पीएम मोदी , जवानों के साथ ली सेल्फी


नई दिल्ली । ‘ऑपरेशन सिंदूर’  के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को पंजाब में आदमपुर एयरबेस पहुंचे। यहां उन्होंने सेना के जवानों से मुलाकात की। यह वही एयरबेस है, जिसे नुकसान पहुंचाने का फर्जी दावा पाकिस्तान ने किया था। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने 11 मई की प्रेस कॉन्फ्रेंस में ही इस दावे का खंडन कर दिया था। अब पीएम मोदी ने यहां पहुंचकर दुनिया के सामने पाकिस्तान के प्रोपेगैंडा को बेनकाब कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, आज सुबह-सुबह प्रधानमंत्री मोदी आदमपुर एयरबेस पहुंचे। उन्होंने वायु सेना के बहादुर जवानों से बातचीत भी की। इस दौरान वायुसेना के जवानों ने मौजूदा हालात के बारे में जानकारी दी। दौरे की कई तस्वीरें सामने आई हैं। इसमें एक तस्वीर में पीएम मोदी के पीछे भारतीय लड़ाकू विमान की तस्वीर दिखाई दे रही है और उसके ऊपर लिखा है- क्यों दुश्मनों के पायलट ठीक से सो नहीं पाते?
Operation Sindoor: Prime Minister Modi reached Adampur Airbase, met the soldiers
प्रधानमंत्री मोदी ने दौरे से जुड़ी कुछ तस्वीरें पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर साझा की। उन्होंने लिखा  आज सुबह मैं वायुसेना स्टेशन आदमपुर गया और हमारे बहादुर वायु योद्धाओं और सैनिकों से मिला। साहस, दृढ़ संकल्प और निडरता के प्रतीक लोगों के साथ रहना एक बहुत ही विशेष अनुभव था। भारत हमारे सशस्त्र बलों के प्रति हमेशा आभारी है, जो हमारे देश के लिए वे सब कुछ करते हैं।