मथुरा । लघु उद्योग भारती के तत्वावधान में मथुरा में शहर के समग्र विकास और औद्योगिक समस्याओं के समाधान को लेकर एक विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर के विकास, यातायात व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा, विद्युत आपूर्ति, श्रम विभाग से जुड़े मुद्दों तथा उद्योगों के सामने आने वाली विभिन्न चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा ने उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उद्योग और व्यापार किसी भी शहर की आर्थिक प्रगति की रीढ़ होते हैं और प्रशासन इनके हित में हर संभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।
सम्मानित अतिथियों में चंद्रभान सिंह (डीसी उद्योग) और दीपक अग्रवाल (राष्ट्रीय सचिव, लघु उद्योग भारती) शामिल रहे। सभी वक्ताओं ने उद्योगों के विकास, रोजगार सृजन और उद्यमियों को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने पर जोर दिया।
अंकित बंसल (अध्यक्ष, लघु उद्योग भारती) ने कहा कि संगठन लगातार उद्यमियों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए प्रयासरत है। मंडल सचिव सोनल अग्रवाल ने संगठन की गतिविधियों पर प्रकाश डाला, जबकि महामंत्री विशाल बंसल ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रमुख मुद्दों को विस्तार से रखा।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी उद्यमियों ने इस तरह के संवाद कार्यक्रमों को उद्योगों और शहर के समग्र विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। इस अवसर पर सुनंद मित्तल, राघव मित्तल, विकी अरोरा, राहुल अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, मनीष शोरा, कृष्णकांत गोयल बेरीवाल, अंकित अग्रवाल, दिनेश खंडेलवाल, पुनीत माटा, अमित गोयल और प्रदीप मित्तल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।