मथुरा में बड़ी वारदात: कोल्डड्रिंक में नशा मिलाकर नाबालिग से गैंगरेप

सुरीर । जनपद के सुरीर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में खेत पर गई किशोरी के साथ नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर गैंगरेप और अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने का आरोप है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। सुरीर क्षेत्र के एक गांव की महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि बीते 11 अगस्त को उनकी 16 वर्षीय पुत्री अपने खेत पर गई थी। जहां पड़ोसी गांव खायरा के आकाश और राम कोल्डड्रिंक पी रहे थे। उन्होंने उनकी पुत्री को भी कोल्डड्रिंक पिला दी, जिसमें कोई नशीला पदार्थ मिला रखा था। जिससे उनकी पुत्री को नशा हो गया। जिसका नाजायज फायदा उठाते हुए दोनों युवकों ने उनकी पुत्री के साथ बारी बारी से बलात्कार किया और मोबाइल फोन से उसकी अश्लील वीडियो बना ली, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। होश आने पर पुत्री ने घर आकर घटना की जानकारी दी। जब उन्होंने आकाश व राम से शिकायत की तो उन दोनों ने घर पर आकर धमकी दी कि वह उनकी पुत्री को कहीं का नहीं छोड़ेंगे। उसकी वीडियो बना ली है जिसे उन्होंने वायरल भी कर दिया है। इंस्पेक्टर सुरीर संजीव कांत मिश्र का कहना है कि तहरीर के आधार पर गैंगरेप और आईटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।