पुणे । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को महाराष्ट्र में विपक्षी दलों के नेताओं पर हमला बोला। उन्होंने एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार को देश में भ्रष्टाचार का सरगना करार दिया। वहीं, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे को औरंगजेब फैन क्लब का प्रमुख बताया। पुणे में भाजपा के राज्य सम्मेलन में शाह ने कहा कि उद्धव उन लोगों के साथ बैठे हैं जिन्होंने 1993 के मुंबई सीरियल बम धमाकों के दोषी याकूब मेमन के लिए क्षमादान मांगा था। कहा कि उद्धव को उन लोगों के साथ बैठने में शर्म आनी चाहिए जो आतंकी कसाब को बिरयानी खिलाते हैं, जाकिर नाइक (विवादित इस्लामी उपदेशक) को शांति दूत का पुरस्कार देते हैं और जो प्रतिबंधित संगठन पीएफआई का समर्थन करते हैं। इसके अलावा शाह ने शरद पवार पर भ्रष्टाचार को संस्थागत बनाने का आरोप लगाया। हाल के लोकसभा चुनावों में पीएम मोदी को जनता द्वारा मिली स्वीकृति पर जोर देते हुए शाह ने कहा कि हार के बावजूद कांग्रेस नेता राहुल गांधी अहंकार में हैं। कहा कि राहुल का अहंकार महाराष्ट्र, झारखंड व हरियाणा के विधानसभा चुनाव भाजपा की जीत के बाद चूर-चूर हो जाएगा। शाह ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में 2014 और 2019 से बेहतर प्रदर्शन करेगी। भाजपा कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्हें लोकसभा चुनाव नतीजों से परेशान नहीं होना चाहिए। सरकार के अच्छे कामों को जनता तक पहुंचाएं। महाराष्ट्र में भगवा फिर से लहराना चाहिए।
केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि अगले पांच साल तक केंद्र की दूध पाउडर आयात करने की कोई योजना नहीं है। यह भी दावा किया महाराष्ट्र का विपक्षी गठबंधन इसे लेकर अफवाह फैला रहा है। शाह ने कहा कि एक पुरानी और बिना तारीख वाली अधिसूचना चारों तरफ घूम रही है। इसे लेकर वह भी भ्रमित हो गए थे। उन्होंने वाणिज्य मंत्रालय मंत्री पीयूष गोयल से बात कि तो पता चला कि यह उनका नहीं बल्कि एनसीपी नेता शरद पवार का फैसला है। यह परिपत्र उन्होंने ही बनाया है।