Bar Association Election: गहमा-गहमी के बीच मथुरा बार एसो. के लिए पड़े वोट , कल घोषित होंगे चुनाव परिणाम

मथुरा (राजपथ मथुरा ब्यूरो)। बार एसो. के प्रतिष्ठापरक वार्षिक चुनाव में आज जिला न्यायालय परिसर में स्थित कन्हैंया लाल बौहरे सभागार में छ पदों के लिए मतदान प्रात: 9 बजे से प्रारंभ हुआ। सुबह से ही मतदाताओं की भारी तादाद में भीड़ मतदान करने के लिए पहुंच गयी। जिससे मतदान कक्ष के बाहर लंबी-लंबी लाइन लग गयीं। बार ऐसो. के वार्षिक निर्वाचन वर्ष 2023-24 के लिए मतदान प्रारंभ हुआ दो दिवसीय चुनावी प्रक्रिया के तहत 6 अक्टूबर को मतदान सुबह 9 बजे से सांय 5 बजे तक तथा मतगणना 7 अक्टूबर को प्रात: से प्रारंभ होकर आखिरी नतीजे आने तक जारी रहेगी। एक दिन मतदान दूसरे दिन परिणाम की व्यवस्था पहली इस चुनाव में हुई है । अधिवक्ताओं में नयी टीम चुनने के लिए अथाह उत्साह नजर आया। वर्तमान अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद शर्मा व उनकी टीम मतदान को शान्ति पूर्ण व व्यवस्था बनाये रखने के लिए भाग-दौड करते देखे गये। प्रत्याशियों के समर्थक अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान करने को आने वाले अधिवक्ताओं से निवेदन व कार्ड देते दिखे वहीं वरिष्ठ अधिवक्ता अपने साथ अपने ग्रुप के अधिवक्ताओं के साथ गुट बनाकर मतदान करने आये। मतदान करने के लिए महिला अधिवक्ताओं में भी काफी जोश दिखाई दिया। सुरक्षा की दृष्टि से मतदान केन्द्र पर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात था।

चुनावी व्यवस्था का अवलोकन करते एस पी सिटी एम पी सिंह।

मतदान प्रारंभ होने से पूर्व एसपी सिटी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने व्यवस्थाओं को जायजा लिया। मतदान को मतदाताओं की सुविधा के लिए हॉल के चार गेट खोले गये थे। प्रत्येक गेट के पास एक काउण्टर बनाया गया था। जहां पर वर्णमाला के हिसाब से मतदाताओं को बैलेट पत्र दिये जा रहे थे। जिन्हें मतदाता चार पेटियों में डाल रहे थे।
छ: पदों के लिए 33 प्रत्याशी इस वर्ष के चुनाव मैदान में है जिनमें अध्यक्ष पद हेतु सात प्रत्याशी कन्हैया लाल शर्मा, मदन गोपाल सिंह, प्रदीप कुमार शर्मा, राघवेन्द्र सिंह, राजकुमार उपाध्याय, रामवीर सिंह, त्रिलोक चंद शर्मा उपाध्यक्ष पद के लिए 8 प्रत्याशी भानु प्रकाश गौतम, देवेन्द्र सिंह इन्सान,गिरिराज सिंह बघेल, मदन मोहन पाण्डे, संजय शर्मा, सुरेन्द्र कुमार चतुर्वेदी, उमेश चंद शर्मा, विमल कुमार यादव सचिव पद के लिए 5 प्रत्याशी भानू प्रताप सिंह, गोपाल गौतम (आई), श्रीमती पूजा वर्मा, शिव कुमार लवानियां, विक्रम सिंह संयुक्त सचिव पद के लिए 6 प्रत्याशी सुशील सागर, दीपक गुप्ता, नोवल तौमर, रूचि गौतम, सुनील शर्मा, सुरेन्द्र कुमार शर्मा ऑडीटर पद के लिए चार प्रत्याशी देवकी नंदन शर्मा, श्रीमती मधु भार्गव, यशवंत सिंह, योगेश कुमार तिवारी कोषाध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशी बृजेश गौतम, पंकज कुमार गोला, विनोद कुमार शर्मा है। प्रतिष्ठा पूर्ण बार एसो. के चुनाव के लिए इस वर्ष मतदान में 2908 अधिवक्ता मतदाता है जो अपनी पसंद के प्रत्यशियो को मतदान करेंगे । दोपहर तीन बजे तक 2200 वोट डाले जा चुके थे।