मथुरा में 1-2 अगस्त को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का दौरा, वृंदावन से पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय तक कार्यक्रम में लेंगी भाग
मथुरा । उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का 1 व 2 अगस्त 2026 को मथुरा-वृंदावन भ्रमण प्रस्तावित है। दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल विभिन्न धार्मिक, शैक्षिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेंगी। जिला प्रशासन ने दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 अगस्त को सुबह 10:25 बजे राज्यपाल वृंदावन स्थित प्रियाकांत जू मंदिर, शांति सेवा धाम पहुंचेंगी। यहां वह षष्ठम पार्थिव शिवलिंग महोत्सव एवं शिव महापुराण कथा में सम्मिलित होंगी। कार्यक्रम के बाद वह वृंदावन के होटल रेडिसन में रात्रि विश्राम करेंगी।
अगले दिन 2 अगस्त को सुबह 8:55 बजे राज्यपाल चैतन्य विहार फेज-2 स्थित राजकीय बालगृह (बालिका) पोक्सो का निरीक्षण करेंगी। यहां करीब एक घंटे तक व्यवस्थाओं की समीक्षा एवं बच्चों से संवाद का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
इसके बाद राज्यपाल पं. दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो-अनुसंधान संस्थान पहुंचेंगी। यहां वह “नशा मुक्त देशव्यापी अभियान” कार्यक्रम में भाग लेंगी और संबोधन देंगी।
दोपहर में वृंदावन स्थित होटल रेडिसन में लंच कार्यक्रम के बाद राज्यपाल आगरा के लिए प्रस्थान करेंगी, जहां डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के अतिथि गृह में उनका अगला कार्यक्रम प्रस्तावित है।
राज्यपाल के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन व पुलिस विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है। जिलाधिकारी सीपी सिंह के अनुसार
प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।