मंडी चौराहा से सौंख-गोवर्धन मार्ग तक निगम की सख्त कार्रवाई, अवैध निर्माण व टीन-शेड ध्वस्त
एडिशनल एसपी व अपर नगर आयुक्त खुद उतरे मैदान में, चेतावनी- दोबारा कब्जा किया तो होगी सख्त कार्रवाई
मथुरा । राजकीय मुड़िया पूर्णिमा मेले के दूसरे दिन भी नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान पूरी रफ्तार से जारी रहा। श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निगम की टीम ने मंडी चौराहे से सौंख-गोवर्धन जाने वाले क्षेत्र में सड़क के आसपास किए गए अस्थायी एवं अवैध अतिक्रमणों को हटाते हुए कड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान निगम की सख्ती देख अतिक्रमणकारियों की नींद उड़ गई और मौके पर हड़कंप की स्थिति बनी रही। नगर निगम के अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी और प्रवर्तन टीम ने सड़क किनारे लगाए गए अवैध ठेले, टीन-शेड, अस्थायी निर्माण और अन्य बाधाओं को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। अभियान के दौरान नोयडा से विशेष ड्यूटी पर आई अपर पुलिस अधीक्षक स्नेहा लता एवं नगर निगम के अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।
अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह के अनुसार मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यदि अतिक्रमणकारियों ने दोबारा कब्जा करने की कोशिश की तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि मुड़िया पूर्णिमा मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरे मेला क्षेत्र पर पैनी नजर रखी जा रही है। जहां कहीं भी अतिक्रमण की सूचना मिल रही है, वहां तत्काल टीम भेजकर कार्रवाई की जा रही है ताकि परिक्रमा मार्ग और प्रमुख पहुंच मार्गों पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संपूर्ण मेला अवधि के दौरान यह अभियान लगातार जारी रहेगा।