ब्राह्मण मेधावी छात्र-छात्राओं का होगा सम्मान, लैपटॉप-कंप्यूटर व स्मार्टफोन दिए जाएंगे, 16 अगस्त को होगा समारोह
मथुरा। सर्वोदयी ब्राह्मण विकास संस्थान द्वारा इस वर्ष भी मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके तहत 44वां विशाल मेधावी सम्मान समारोह 16 अगस्त रविवार को चित्रकूट मसानी में आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न श्रेणियों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को लैपटॉप, कंप्यूटर, स्मार्टफोन सहित अन्य पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
जगन्नाथ पुरी स्थित कैंप कार्यालय पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता घनश्याम हरियाणा पूर्व सभासद ने की। बैठक का शुभारंभ संस्थान अध्यक्ष पंडित सोहनलाल शर्मा, परमेश्वरी देवी गौड़, नारायण प्रसाद शर्मा, संजय हरियाणा, दिवाकर आचार्य और मुरलीधर शर्मा ने भगवान परशुराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।
मेधावी छात्रों के लिए निर्धारित मानक
बैठक में निर्णय लिया गया कि हाई स्कूल और इंटरमीडिएट यूपी बोर्ड के 75 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले तथा सीबीएसई व अन्य बोर्ड के 90 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा उच्च शिक्षा में 75 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले मेधावियों को भी सम्मान दिया जाएगा।
हाई स्कूल में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले दो छात्रों को कंप्यूटर तथा छह छात्रों को स्मार्टफोन दिए जाएंगे। इंटरमीडिएट में दो मेधावियों को लैपटॉप और छह छात्रों को स्मार्टफोन प्रदान किए जाएंगे। उच्च शिक्षा वर्ग में चार छात्रों को नगद धनराशि दी जाएगी। इसके अतिरिक्त सभी चयनित मेधावी छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह, गिफ्ट, मेडल और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
इच्छुक मेधावी छात्र-छात्राएं अपनी अंकतालिका की छायाप्रति, मोबाइल नंबर और पता निर्धारित केंद्रों पर जमा कर सकते हैं। आवेदन आचार्य कंप्यूटर विकास बाजार, पतंजलि स्टोर कृष्णा नगर पुलिस चौकी के सामने, कृष्णा ज्वेलर्स धौली प्याऊ, श्री हरि मेडिकल स्टोर शास्त्री नगर, राहुल मैचिंग सेंटर छत्ता बाजार, सुरेंद्र कुमार पोशाक वाले कृष्ण प्लाजा मसानी तिराहा तथा प्रधान कार्यालय वाटी वाली कुंज लाल दरवाजा पर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक जमा किए जा सकते हैं।
बैठक में केसी गौड़, पीपी शर्मा, विवेक उपाध्याय, कन्हैया लाल शर्मा, भगवान साहू, कन्हैया लाल गौतम, पंकज शर्मा, महेंद्र दत्त, आचार्य गणेश शर्मा, रामगोपाल शर्मा, दिवाकर आचार्य, सुरेंद्र मुकुट वाले, मुकट मनी शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।