फर्जी बैनामा कर 75 लाख की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी व बिचौलिया गिरफ्तार

गोवर्धन पुलिस की कार्रवाई, गांठौली गांव से दोनों अभियुक्त पकड़े

मथुरा। थाना गोवर्धन पुलिस ने फर्जी बैनामा कर करीब 75 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में मुख्य आरोपी उम्मेद उर्फ उमेशचन्द तथा बिचौलिया दुर्गाप्रसाद शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को ग्राम गांठौली से अलग-अलग स्थानों से सोमवार सुबह गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार उम्मेद उर्फ उमेशचन्द को उसके घर से सुबह 9:50 बजे तथा दुर्गाप्रसाद को उसकी दुकान से सुबह 10:05 बजे गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ थाना गोवर्धन में मुकदमा संख्या 316/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है और विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस
मामले में वादी द्वारा 24 जून 2026 को दी गई तहरीर के आधार पर जांच शुरू हुई। आरोप है कि अभियुक्तों ने अपनी पूरी जमीन पहले ही बेच देने के बावजूद प्लॉट बेचने का झांसा देकर वादी के नाम फर्जी और कूटरचित बैनामा तैयार कराया। इन दस्तावेजों को 11 सितंबर 2025 को सब रजिस्ट्रार कार्यालय मथुरा में असली बताकर पंजीकृत कराया गया।
जांच में सामने आया कि ग्राम गांठौली स्थित खसरा संख्या 381 की भूमि पहले ही विभिन्न लोगों को बेची जा चुकी थी। इसके बावजूद अभियुक्तों ने वादी और उसके भाइयों के नाम पर दोबारा 276.46 वर्गमीटर भूमि का बैनामा कर दिया। इस सौदे में लगभग 75 लाख रुपये तय हुए, जिसमें से 56.20 लाख रुपये नकद और 13.80 लाख रुपये चेक के माध्यम से लिए गए।
विवेचना के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि दुर्गाप्रसाद ने पूरे सौदे में बिचौलिये की भूमिका निभाई। उसे जमीन की वास्तविक स्थिति की जानकारी होने के बावजूद उसने फर्जी बैनामा कराने में सहयोग किया और कमीशन प्राप्त किया। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक शीलचन्द्र गौतम, उपनिरीक्षक महेश यादव, हेड कांस्टेबल प्रभाकर कुमार, कांस्टेबल मोहम्मद शाकिर तथा महिला कांस्टेबल नेहा शामिल रहीं। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संबंधित पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।