नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की शिष्टाचार भेंट, ब्रज के विकास का मिला मूलमंत्र

​मथुरा। मथुरा-वृंदावन नगर निगम के नवागत नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने लखनऊ में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री से ब्रज क्षेत्र के चौमुखी विकास और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त किया।
​मुलाकात के दौरान नगर आयुक्त ने मुख्यमंत्री को ठाकुर बांके बिहारी जी का पावन प्रसाद भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया।

​वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी त्योहारों को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ​आगामी सावन मास और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर देश-विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु मथुरा-वृंदावन पहुंचेंगे।
​श्रद्धालुओं की सुगमता के लिए नगर निगम की सभी प्रशासनिक और जन-सुविधात्मक व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रहनी चाहिए।
​पूरे नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पर विशेष फोकस किया जाए ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को एक स्वच्छ और सुंदर ब्रज की छवि देखने को मिले।

​मुख्यमंत्री के निर्देशों पर नवागत नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने उन्हें पूर्ण आश्वस्त करते हुए कहा कि ​”आगामी एक पखवाड़े के भीतर मथुरा-वृंदावन की स्वच्छता और सुधरी हुई सफाई व्यवस्था धरातल पर नजर आने लगेगी और इसकी चर्चा चहुंओर होगी।”
​नगर आयुक्त ने बताया कि सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए वह स्वयं प्रतिदिन ग्राउंड जीरो पर उतरकर मॉनिटरिंग कर रहे हैं। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी गई है और विकास कार्यों में तेजी लाने की रूपरेखा तैयार कर ली गई है।