मथुरा में भीषण हादसा: स्कूल बस ने मासूम को कुचला, मौके पर मौत; कॉलेज में भारी बवाल, पुलिस बल तैनात

​राल गांव के तिलक सिंह इंटर कॉलेज की घटना; हादसे के बाद चालक बस लेकर फरार, आक्रोशित ग्रामीणों ने की तोड़फोड़

​मथुरा । जनपद के जैंत थाना क्षेत्र स्थित राल गांव के तिलक सिंह इंटर कॉलेज में गुरुवार को उस समय चीख-पुकार मच गई, जब एक स्कूल बस ने कक्षा दो के छात्र को रौंद दिया। हादसे में मासूम छात्र नितिन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जिससे ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा।

​मासूम की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में आक्रोशित ग्रामीण कॉलेज परिसर में जमा हो गए। गुस्से से तमतमाए लोगों ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जमकर हंगामा किया। उग्र भीड़ ने कॉलेज के मुख्य गेट पर पथराव कर दिया और कई खिड़कियों के शीशे चकनाचूर कर दिए। कॉलेज कैंपस में काफी देर तक अराजकता का माहौल बना रहा।

​घटना की सूचना मिलते ही जैंत थाना पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, स्थिति की गंभीरता और लोगों के भारी आक्रोश को देखते हुए स्थानीय चौकी पुलिस ने तुरंत आला अधिकारियों को सूचित कर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुला लिया। पुलिस अधिकारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। एहतियात के तौर पर फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है।

“पुलिस ने छात्र नितिन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार फरार बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”