यूपी में PCS तबादलों की दूसरी सूची जारी, मथुरा के एसडीएम सदर, छाता, महावन सहित कई अधिकारी स्थानांतरित
लखनऊ/मथुरा। उत्तर प्रदेश शासन ने पीसीएस अधिकारियों के तबादलों की दूसरी सूची जारी कर दी है। रविवार को 182 अधिकारियों की सूची जारी होने के बाद सोमवार को 181 और अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। नई सूची में मथुरा जनपद के कई महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार एसडीएम सदर आदेश कुमार का रामपुर, एसडीएम छाता वैभव गुप्ता का कन्नौज और एसडीएम महावन ऊषा सिंह का कानपुर देहात तबादला किया गया है। इसके अलावा मथुरा-वृंदावन नगर निगम में तैनात सहायक नगर आयुक्त कल्पना सिंह चौहान को हापुड़ भेजा गया है।
वहीं, मथुरा में नई तैनाती के तहत सोनभद्र से अश्वनी कुमार और अयोध्या से राम प्रसाद त्रिपाठी डिप्टी कलेक्टर के रूप में आ रहे हैं। सहायक नगर आयुक्त के पद पर हाथरस से नीरज शर्मा को मथुरा में तैनाती दी गई है।
गौरतलब है कि रविवार को जारी पहली सूची में भी मथुरा के चार पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए गए थे। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार स्थानांतरित अधिकांश अधिकारी मथुरा में तीन वर्ष से अधिक समय से तैनात थे, जिसके चलते यह व्यापक फेरबदल किया गया है।