लखनऊ/मथुरा। उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक फेरबदल के तहत मथुरा में तैनात चार डिप्टी कलेक्टरों के तबादले कर दिए हैं। रविवार देर रात जारी पीसीएस अधिकारियों की तबादला सूची में इन अधिकारियों को विभिन्न जनपदों में नई तैनाती दी गई है।
जारी सूची के अनुसार एसडीएम मांट दीपका मैहर, डिप्टी कलेक्टर रितु सिरोही, डिप्टी कलेक्टर नरेंद्र सिंह यादव तथा मथुरा-वृंदावन नगर निगम में तैनात सहायक नगर आयुक्त राकेश त्यागी का स्थानांतरण किया गया है। सभी अधिकारियों को अलग-अलग जिलों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक प्रदेश स्तर पर बड़े पैमाने पर प्रशासनिक बदलाव की प्रक्रिया जारी है। बताया जा रहा है कि पूरे प्रदेश में करीब 350 डिप्टी कलेक्टरों के तबादले प्रस्तावित हैं, जिनमें से 182 अधिकारियों की सूची रविवार रात जारी कर दी गई है।
वहीं, मथुरा जनपद से जुड़े प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि जल्द ही दूसरी सूची भी जारी हो सकती है, जिसमें आधा दर्जन और डिप्टी कलेक्टरों के तबादले होने की संभावना जताई जा रही है। इस संभावित फेरबदल को लेकर प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है।
उधर शासन ने हापुड से मनोज कुमार, साक्षी शर्मा, बदायूं से मोहित कुमार को डिप्टी कलेक्टर मथुरा के पद पर स्थानांतरित किया है।