चिंताहरण महादेव मंदिर परिसर में एचपीसीएल टीम का स्वच्छता अभियान, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

मथुरा। हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड की रेवाड़ी-कानपुर पाइपलाइंस टीम द्वारा ब्रज क्षेत्र में ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ के अंतर्गत व्यापक स्तर पर स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुरानी गोकुल-महावन स्थित चिंताहरण महादेव मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया।

यह अभियान वरिष्ठ प्रबंधक टीएम शिवकुमार के नेतृत्व में 01 जुलाई से 15 जुलाई तक संचालित किया जा रहा है। इसके तहत टीम द्वारा ब्रज क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

अभियान के दौरान केवल सफाई कार्य ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के बीच पौधों का वितरण भी किया गया। टीम के अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण समाज की आधारशिला हैं और ब्रज क्षेत्र के धार्मिक स्थलों को स्वच्छ व हरित बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

अधिकारियों के अनुसार ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ के तहत ब्रज के विभिन्न ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों पर लगातार इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा सिंगल-यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम के दौरान टीम के सदस्य अमित कुमार, आयुष्मान, पंत, अर्पित, राहुल, आनंद, प्रदीप शर्मा, राजेन्द्र और जितेश सहित अन्य सदस्यों ने श्रमदान कर मंदिर परिसर की सफाई में सक्रिय योगदान दिया। स्थानीय नागरिकों और मंदिर के मीडिया प्रभारी दिनेश सिंह तरकर ने इस पहल की सराहना की।