राया में स्कूली बस की टक्कर से ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी दो महिलाओं की मौत, 24 लोग घायल
शोक व्यक्त करने जा रहे परिवार के साथ हुआ हादसा स्कूली बस के सभी बच्चे सुरक्षित जांच में जुटी पुलिस
मथुरा। थाना राया क्षेत्र के गांव बिरहना के पास शुक्रवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। पीछे से आ रही एक स्कूली बस ने ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी जिससे ट्रॉली पलट गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि 24 लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई गई है। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के गांव अधैया खुर्द निवासी प्रताप सिंह अपने परिवार के करीब दो दर्जन लोगों के साथ गांव मोनिया हरदपुर में रिश्तेदार के निधन पर शोक व्यक्त करने जा रहे थे। सभी लोग ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार थे। दोपहर करीब 12 बजे राया अलीगढ़ मार्ग पर बिरहना गांव के पास पीछे से आ रही स्कूली बस ने ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई और मौके पर चीख पुकार मच गई।
हादसे में प्रताप नरेंद्र विक्रम रंगीला रजनी अनीता शशि सहित 24 लोग घायल हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से ट्रॉली के नीचे फंसे लोगों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल एक महिला को आगरा रेफर किया गया।
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान शशि और रजनी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर सिंह ने बताया कि हादसे में घायल सभी लोगों को अस्पताल भेज दिया गया है। दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि स्कूली बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित हैं और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।