मथुरा में मिलावटखोरों पर बड़ा एक्शन : 900 KG दूषित टोमैटो सॉस नष्ट, नामी फूड प्रोडक्ट्स से भारी मात्रा में माल जब्त!
मथुरा । सोमवार को जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया गया। आम जनता और दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ और गुणवत्तायुक्त खाद्य-पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आज ताबड़तोड़ छापेमारी की। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के० के० त्रिपाठी के नेतृत्व में सचल दल ने गोविन्द नगर स्थित ‘मानसी गंगा फूड्स’ पर औचक निरीक्षण किया। छापेमारी के दौरान वहां टोमैटो सॉस, सोया सॉस और मेयोनीज का निर्माण होते हुए पाया गया। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके से टोमैटो सॉस, सोया सॉस, मेयोनीज और फूड कलर का एक-एक नमूना (सैंपल) जांच के लिए लिया। इसके साथ ही बेहद अस्वच्छ और दूषित परिस्थितियों में रखे गए करीब 400 किलोग्राम टोमैटो सॉस को मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया, जबकि 200 किलो टोमैटो सॉस और 80 किलो सोया सॉस को जब्त कर लिया गया।
सचल दल की अगली कार्रवाई गौर केन्द्र स्थित ‘विवेक फूड प्रोडक्ट’ पर हुई। यहाँ भी गंदगी और दूषित माहौल के बीच खाद्य सामग्रियां भंडारित की गई थीं। टीम ने यहां से टोमैटो सॉस और सोया सॉस का सैंपल लेते हुए 500 किलोग्राम दूषित टोमैटो सॉस को नष्ट कराया। इसके अलावा, 108 किलोग्राम टोमैटो कैचअप और 154 लीटर सोया सोस को विभाग ने अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया।
अधिकारियों ने बताया कि मोहर सिंह कुशवाह से मिली एक शिकायत के आधार पर टीम ने मथुरा-बरेली हाईवे (राया) पर संचालित ‘शिवाय ढाबा’ पर भी छापा मारा। यहाँ से उपयोग में लाए जा रहे रिफाइंड सोयाबीन ऑयल का एक नमूना संग्रहित किया गया। इस पूरी महा-कार्रवाई में खाद्य सचल दल के सदस्य राम नरेश, जितेन्द्र सिंह, धर्मेन्द्र सिंह और नेहा मुस्तैदी से शामिल रहे। विभाग द्वारा आज कुल 7 संदिग्ध नमूने सील किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि इन नमूनों की जांच रिपोर्ट आते ही दोषियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत बेहद कड़ी विधिक व दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे।