प्रेम संबंध में शादी का दबाव बना हत्या की वजह, महिला का गला घोंटकर शव सड़क किनारे फेंकने वाला गिरफ्तार
मथुरा। थाना जमुनापार पुलिस ने महिला की गला घोंटकर हत्या कर शव सड़क किनारे फेंकने के मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में प्रेम संबंध और शादी के दबाव को हत्या का कारण बताया है।
पुलिस के मुताबिक रविवार तड़के करीब 3:28 बजे पानीगांव-मांट रोड से नगला पीता, थाना राया निवासी 55 वर्षीय सतीश सिंह उर्फ एस.के. चौधरी को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके मृतका से प्रेम संबंध थे और वह लगातार शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी बात से परेशान होकर उसने दो और तीन जुलाई की रात अपनी स्विफ्ट डिजायर कार में गमछे से महिला का गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को पानीगांव-वृंदावन बाईपास रोड किनारे फेंककर फरार हो गया।
घटना के संबंध में तीन जुलाई को मृतका के पति ने थाना जमुनापार में तहरीर देकर सतीश सिंह पर पत्नी की हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गमछा तथा घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार (यूपी-85-बीएक्स-1607) बरामद कर ली है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विदेश कुमार, उपनिरीक्षक कपिल वशिष्ठ, उपनिरीक्षक अनिल कुमार तेवतिया, उपनिरीक्षक रजत कुमार तथा हेड कांस्टेबल आनंद किशोर शामिल रहे।