मथुरा में स्वच्छता की अनूठी पहल: जन-जन तक थैलों से पहुंचेगा ‘स्वच्छ ब्रज’ का संदेश

​मथुरा। “हम सब ने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” महाअभियान को जन-जन तक पहुँचाने और मथुरा को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त करने के लिए वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति ने एक अनूठी पहल की है। समिति ने विशेष रूप से तैयार कपड़े के थैलों का वितरण शुरू किया है, जिन पर स्वच्छता का संदेश और अभियान का मुख्य स्लोगन अंकित है।
​समिति का मानना है कि जब लोग इन थैलों को लेकर बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर जाएंगे, तो इसे देखकर अन्य लोग भी सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग छोड़ने के लिए प्रेरित होंगे। यह पहल सीधे तौर पर पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता बढ़ाने में बड़ी मददगार साबित होगी।

एक विशेष बैठक के दौरान नेशनल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ के राजीव अग्रवाल ‘ब्रजवासी’ ने ‘प्रोजेक्ट मथुरा’ के विपुल अग्रवाल (सीए) और उनकी पूरी टीम सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों को ये कपड़े के थैले भेंट किए। गौरतलब है कि ‘प्रोजेक्ट मथुरा’ भी शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए लगातार मैदान में डटा हुआ है।

वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि 6 जुलाई को होने वाली उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की महत्वपूर्ण बैठक में भी सभी अधिकारियों और सदस्यों को ये कपड़े के थैले भेंट किए जाएंगे, ताकि इस संदेश को और व्यापक और प्रशासनिक स्तर पर मजबूती दी जा सके। बैठक के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने मथुरा को स्वच्छ, सुंदर और पूरी तरह से प्लास्टिक मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।