मथुरा में देह व्यापार का भंडाफोड़: नोएडा-दिल्ली के रईसजादे एक्सप्रेस-वे के होटलों में मना रहे थे रंगरलियां
दिल्ली, पंजाब और बंगाल से बुलाई गई थीं युवतियां
मथुरा । यमुना एक्सप्रेस-वे पर राया कट के समीप स्थित होटलों में चल रहे देह व्यापार के काले कारोबार का पुलिस ने बड़ा भंडाफोड़ किया है। शनिवार को सीओ महावन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दो होटलों पर बैक-टू-बैक छापेमारी करते हुए भारी मात्रा में युवक और युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में गिरफ्तार किया। इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य होटल और गेस्ट हाउस संचालकों में हड़कंप मच गया है।
सीओ महावन की अगुवाई में हुई बड़ी घेराबंदी
जानकारी के अनुसार यमुना एक्सप्रेस-वे के राया कट के पास स्थित होटलों में अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। इस पर संज्ञान लेते हुए सीओ महावन संजीव कुमार राय ने शनिवार को पुलिस बल के साथ पूरी रणनीति के तहत घेराबंदी की। पुलिस ने एक्सप्रेस-वे पर स्थित ‘रॉयल होटल एंड रेस्टोरेंट’ और ‘न्यू सांवरिया गेस्ट हाउस’ में एक साथ औचक छापा मारा।
पुलिस की इस छापेमारी के दौरान होटलों के कमरों से 7 युवतियों और 10 युवकों को गिरफ्तार किया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस सेक्स रैकेट के तार कई राज्यों से जुड़े हुए हैं। पकड़ी गई युवतियों में अलीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पश्चिम बंगाल की रहने वाली युवतियां शामिल हैं, जिन्हें यहां देह व्यापार के लिए बुलाया गया था।
शुरुआती जांच और इनपुट के अनुसार, दिल्ली और नोएडा जैसे बड़े शहरों से लोग वीकेंड या अन्य दिनों में यहां आकर इन होटलों में ठहरते थे और अनैतिक कार्यों को अंजाम देते थे। पुलिस पकड़े गए सभी युवक-युवतियों और होटल प्रबंधकों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है, ताकि इस रैकेट के मुख्य सरगनाओं का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि होटल संचालकों के खिलाफ भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।