वृंदावन में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन: 106 ई-रिक्शा व ऑटो सीज, 650 से ज्यादा वाहनों पर कार्रवाई

नियम विरुद्ध रूट पर चलने वालों पर सख्ती, पीए सिस्टम से चालकों को किया गया जागरूक
मथुरा।
जनपद में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए वृंदावन क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक यातायात एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के निकट पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शा और ऑटो चालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत शौ सैय्या से प्रेम मंदिर और छटीकरा से प्रेम मंदिर मार्ग पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान नियम विरुद्ध रूट पर संचालित हो रहे 106 ई-रिक्शा एवं ऑटो को सीज किया गया जबकि 167 वाहनों के चालान किए गए।
इसके अलावा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 483 वाहनों के खिलाफ भी मोटर वाहन अधिनियम 1988 के अंतर्गत कार्रवाई की गई। इस प्रकार कुल मिलाकर 650 से अधिक वाहनों पर पुलिस ने सख्ती दिखाई।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने चालकों को नियमों के पालन के लिए जागरूक भी किया। पीए सिस्टम के माध्यम से उन्हें निर्धारित रूट पर ही वाहन चलाने के निर्देश दिए गए और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।