मथुरा में सनसनी: रिटायर्ड फौजी की पत्नी को संदिग्ध परिस्थितियों में लगी गोली, कमांड हॉस्पिटल में मौत
मथुरा। जनपद के थाना सदर बाजार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली विष्णु धाम कॉलोनी में बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की गहनता से तफ्तीश में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कल रात लगभग 08:30 बजे थाना सदर बाजार पुलिस को मिलिट्री इंटेलिजेंस/कमांड हॉस्पिटल मथुरा से एक मेमो (सूचना) प्राप्त हुआ। इसमें बताया गया कि विष्णु धाम कॉलोनी निवासी नेहा देवी (पत्नी चंद्रवीर सिंह) को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका के पति चंद्रवीर सिंह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस समय यह वारदात हुई, उस वक्त घर में मृतका नेहा देवी और उनका बेटा प्रिंस मौजूद थे। संदिग्ध परिस्थितियों में गोली कैसे चली और इसके पीछे क्या वजह थी इस बात का खुलासा अभी नहीं हो पाया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई और घटनास्थल का मुआयना किया। फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटना के संबंध में थाना प्रभारी सदर बाजार अजीत कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक की जांच में जानकारी आई है कि गोली मृतका के बेटे प्रिंस से अनजाने में चल गई थी। और रिवाल्वर घर में मेहमान आए हुए थे उनकी बताई जाती है। जिस वक्त घटना हुई उसे समय मेहमान मृतका के पति के साथ घूमने गए हुए थे।
“सदर थाने को कमांड हॉस्पिटल से महिला को गोली लगने और उसकी मौत होने का मेमो प्राप्त हुआ था। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए गए हैं। घटना के समय घर पर महिला और उनका बेटा मौजूद थे। मामले की पूरी जांच की जा रही है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।”
— राजीव कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर