मथुरा। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर बुधवार को जवाहर बाग में भव्य पतंग उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें शहर की सामाजिक, राजनीतिक और औद्योगिक हस्तियों सहित सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आसमान में उड़ती रंग-बिरंगी पतंगों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया और हर ओर उल्लास व उमंग का माहौल नजर आया।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रमुख समाजसेवी एवं ‘जल पुरुष’ के नाम से विख्यात प्रमोद गर्ग कसेरे के संयोजन में आयोजित इस उत्सव ने सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने पतंगबाजी का आनंद लेते हुए पर्व की खुशियां साझा कीं।
उत्सव में आए अतिथियों के लिए विभिन्न पारंपरिक और लोकप्रिय व्यंजनों की विशेष व्यवस्था की गई थी। लोगों ने गर्मागर्म जलेबी-कचौरी, अलीगढ़ की मशहूर बेड़ई, इडली-सांभर, वडा, फल चाट, शिकंजी और ठंडाई का जमकर लुत्फ उठाया, जिससे आयोजन में स्वाद और संस्कृति का अनोखा संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने कहा कि प्रमोद गर्ग कसेरे के पिता भी मथुरा के प्रतिष्ठित समाजसेवी रहे हैं और उन्होंने समाज सेवा में विशिष्ट पहचान बनाई थी। उन्होंने कहा कि प्रमोद गर्ग कसेरे अपने कार्यों से न केवल उस विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं, बल्कि समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बन रहे हैं।
आयोजक प्रमोद गर्ग कसेरे ने कहा कि पतंग उत्सव का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि लोगों को जवाहर बाग से जोड़ना भी है। उन्होंने अपील की कि शहरवासी यहां नियमित रूप से आएं सुबह की सैर करें, व्यायाम करें और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं। उन्होंने बताया कि जवाहर बाग का प्राकृतिक वातावरण शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, मांट विधायक राजेश चौधरी, बलदेव विधायक पूरन प्रकाश, कोसी नगर पालिका अध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल, पूर्व विधायक करिंदा सिंह, प्रदीप माथुर, रविकांत गर्ग, अग्रवाल सभा के चुनाव अधिकारी जयंती प्रसाद अग्रवाल, सुभाष सिक्का, मुरारी लाल नेताजी, उद्योगपति पवन चतुर्वेदी, वरिष्ठ अधिवक्ता नंदकिशोर उपमन्यु सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
यह पतंग उत्सव न केवल एक सांस्कृतिक आयोजन बना, बल्कि सामाजिक समरसता, परंपरा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का भी सशक्त संदेश दे गया।