E20 ईंधन को लेकर सरकार का बड़ा बयान, इंश्योरेंस पॉलिसी पर असर की आशंकाओं को बताया गलत

नई दिल्ली । सोशल मीडिया पर ई20 पेट्रोल को लेकर फैल रही अफवाहों का केंद्र सरकार ने खंडन किया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि केवल ई20 ईंधन का उपयोग करने के आधार पर किसी भी वाहन का बीमा दावा खारिज नहीं किया जा सकता। बीमा कंपनियां पॉलिसी की शर्तों के अनुसार ही दावों का निपटान करेंगी।
वैश्विक मानकों के अनुरूप नीति

सरकार ने बताया कि पेट्रोल में इथेनॉल मिलाना एक वैश्विक स्तर पर स्वीकृत प्रक्रिया है। अमेरिका और ब्राजील जैसे देशों में लंबे समय से इसका सफलतापूर्वक उपयोग हो रहा है। भारत में भी 1 अप्रैल 2023 के बाद निर्मित सभी नए वाहन ई20 ईंधन के अनुकूल बनाए गए हैं, जो पूरी तरह सुरक्षित हैं। इथेनॉल ब्लेंडिंग कार्यक्रम से देश को 1.4 लाख करोड़ रुपये से अधिक की विदेशी मुद्रा की बचत हुई है। यह नीति न केवल कच्चे तेल पर निर्भरता कम कर रही है, बल्कि कृषि कच्चे माल की मांग बढ़ाकर किसानों की आय में भी वृद्धि कर रही है और पर्यावरण के लिए भी लाभकारी है।