यमुना एक्सप्रेस-वे पर विधायक मांट की एस्कॉर्ट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, दरोगा की हार्ट अटैक से मौत

रॉन्ग साइड ट्रक से बचने के दौरान हादसा, रिटायरमेंट से दो माह पहले गई जान

मथुरा। रविवार को यमुना एक्सप्रेस-वे पर मांट क्षेत्र के विधायक राजेश चौधरी की सुरक्षा में चल रही एस्कॉर्ट गाड़ी जेवर क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा उस समय हुआ जब रॉन्ग साइड से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से बचने के प्रयास में एस्कॉर्ट बुलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी लोहे की फेंसिंग से टकरा गई।
गनीमत रही कि वाहन में सवार किसी भी पुलिसकर्मी को गंभीर चोट नहीं आई लेकिन हादसे के बाद उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह यादव की अचानक तबीयत बिगड़ गई। घबराहट के चलते उन्हें कार्डियक अरेस्ट आ गया जिससे उनकी दर्दनाक मृत्यु हो गई। बताया जा रहा है कि उनकी सेवानिवृत्ति में महज दो माह शेष थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विधायक राजेश चौधरी को जेवर एयरपोर्ट से दोपहर 2:30 बजे लखनऊ के लिए उड़ान पकड़नी थी। इसी सिलसिले में एस्कॉर्ट गाड़ी उनके काफिले के साथ एक्सप्रेस-वे पर एयरपोर्ट की ओर नए फ्लाई ओवर से जा रही थी। तभी सामने से रॉन्ग साइड में आ रहे ट्रक से बचने के प्रयास में यह हादसा हो गया।

दुर्घटना के बाद पीछे चल रही विधायक की गाड़ी तुरंत रोकी गई। विधायक ने स्वयं मौके पर पहुंचकर गाड़ी में सवार सभी लोगों को बाहर निकलवाया। उस समय उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह यादव घबराहट की स्थिति में नजर आए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए नोएडा स्थित कैलाश हॉस्पिटल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।