दिसंबर माह में मथुरा में होगी धीरेन्द्र शास्त्री की कथा, श्रद्धालुओं ने लिया आध्यात्मिक लाभ

मथुरा। ब्रज सेवा फाउंडेशन द्वारा पुरुषोत्तम मास के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय बागेश्वर धाम यात्रा श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उत्साह के साथ संपन्न हुई। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने एकादशी के दिन बेतवा गंगा में पावन स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने ओरछा स्थित श्री रामलला सरकार के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। यात्रा का मुख्य आकर्षण बागेश्वर धाम सरकार में दर्शन एवं पूज्य पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से आत्मीय भेंट रहा।

आचार्य सुमंत कृष्ण शास्त्री ने पुरुषोत्तम मास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह मास भगवान श्रीहरि विष्णु को अत्यंत प्रिय है। इस दौरान जप, तप, दान, सेवा, सत्संग, कथा श्रवण एवं तीर्थयात्रा का फल कई गुना बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि इस पवित्र मास में की गई यात्रा श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक उन्नति का श्रेष्ठ अवसर है।

बागेश्वर धाम में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से हुई भेंट के दौरान ब्रज सेवा फाउंडेशन द्वारा आयोजित अक्षत महोत्सव के सफल आयोजन हेतु आभार व्यक्त किया गया।

संस्था की ओर से श्रद्धा स्वरूप शास्त्री को चांदी की चंवर, क्यूआर कोड युक्त स्मृति-चित्र एवं ब्रज का प्रसिद्ध छप्पन भोग प्रसाद भेंट किया गया।

इस अवसर पर शास्त्री ने दिसंबर माह में ब्रजभूमि में कथा आयोजन हेतु स्नेहपूर्ण आश्वासन भी दिया, जिससे श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा।

यात्रा में नीरज, योगिता, चंद्रशेखर, भावना, राहुल, रश्मि, अमित, तन्मय, कृष्ण गोपाल, बबीता, उज्ज्वल, सुची, गौरव, चंचल, नितिन, शालू, शोभा, दीपक, पुरु, रिदम, सचिन, श्वेता, अभिषेक, नम्रता, संगीता, विपिन, सोनल, अवधेश सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।