वृंदावन में बड़ा हादसा: बांके बिहारी मंदिर गली में जर्जर छज्जा गिरा, 9 श्रद्धालु घायल—4 की हालत गंभीर
(प्रिंस कुलश्रेष्ठ)
वृंदावन । मंगलवार शाम तेज आंधी के दौरान बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र की गली नंबर-5 में एक बड़ा हादसा हो गया। शिवकुमार गोस्वामी के मकान का जर्जर छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। उस समय गली में श्रद्धालुओं की भीड़ मौजूद थी, जिससे 9 लोग इसकी चपेट में आकर घायल हो गए। घायलों में 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शी दुकानदारों के मुताबिक, अचानक तेज आंधी चलने लगी और उसी दौरान मकान का पुराना छज्जा गिर गया। देखते ही देखते गली में ईंट, सीमेंट और कंक्रीट का मलबा फैल गया। इसकी चपेट में आए श्रद्धालु घायल हो गए। तेज धमाके की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद स्थानीय लोग और दुकानदार मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने लगे। सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस से 100 शैया अस्पताल और आरके मिशन हॉस्पिटल भेजा गया।
घायल श्रद्धालुओं की सूची इस प्रकार है—
लक्ष्मीनारायण (35) पुत्र शिशु पाल, निवासी अलीगढ़
रुद्रांश (5) पुत्र विजय
विजय (35) पुत्र सतीश, निवासी आगरा
उर्मिला देवी (70) पत्नी गोविंद लाल
चंचल प्रजापति (26) पुत्री ओमप्रकाश, निवासी राजस्थान
जानकी देवी (48) पत्नी ओमप्रकाश
मेधा सैनी पुत्र जगवती
गोविंद (65) पुत्र खुशीलाल, निवासी जनकपुरी, दिल्ली
आस्था भदौरिया (17) पुत्री मुकेश, निवासी इटावा
घायल के परिजन ने बताया कि वे दर्शन कर लौट रहे थे, तभी हल्की आंधी चली और बंदरों के कूदने से ऊपर का पुराना छज्जा गिर गया, जिसमें उनकी बेटी भी घायल हो गई। हादसा मंदिर से करीब 150 मीटर दूर हुआ।
सीओ सदर पीतम पाल सिंह ने बताया कि गेट नंबर-4 के पास हादसा हुआ है। 6-7 घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल किसी के अत्यधिक गंभीर होने की पुष्टि नहीं है, लेकिन सभी का इलाज जारी है। घटना के बाद श्रद्धालुओं की आवाजाही अस्थायी रूप से रोककर दूसरे मार्गों से डायवर्ट कर दी गई है।
हादसे के बाद मंदिर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने इलाके के जर्जर भवनों की जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुराने भवनों की नियमित जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।
कुछ लोगों ने शिकायत की एंबुलेंस आने में काफी देर लगी।
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार अधिकारियों के दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए।